फंदे पर लटके युवक को रस्सी काटकर बचा लाया भाई

खेत पर शराब पीने के बाद पेड़ पर लगाई थी फांसी
उज्जैन। झारड़ा के ग्राम बमनई में रहने वाले एक युवक ने खेत पर शराब पीने के बाद पेड़ पर रस्सी से फांसी लगा ली। ममेरे भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा तो दराते से रस्सी काटकर अस्पताल ले आया, जहां युवक का उपचार जारी है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पिता जगदीश मालवीय इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम करता है। गुरुवार को वह अपने मामा के गांव बमनई पहुंचा था। यहां खेत पर बैठकर शराब पी और अचानक रस्सी उठाकर पेड़ पर चढ़ा। उसने रस्सी से फांसी का फंदा बनाया और लटक गया। ममेरे भाई सचिन ने उसे फंदे पर देखा तो दराते से रस्सी काटकर उसे चरक अस्पताल लाया। आईसीयू में उसका उपचार जारी है। परिजन का कहना है कि धर्मेंद्र के माता-पिता नहीं हैं। वह कुछ दिन पहले देवदर्शन पर गया था और वहां से बमनई आया था।









