धनतेरस : साल में एक दिन के लिए खुला कुबेर मंदिर का गर्भगृह, नोटों से सजा गजलक्ष्मी मंदिर

पांच दिनी दीपोत्सव का धमाकेदार आगाज, बाजारों में उमड़ी भीड़, व्यापारियों को भी उम्मीद
धन्वंतरि कॉलेज, आयुर्वेदिक औषधालय में पूजे गए आरोग्य के देवता, महाकाल मंदिर में भी हुआ पूजन
उज्जैन। सनातनियों के साल के सबसे बड़े त्योहार दिवाली का शुक्रवार को धनतेरस के साथ आगाज हो गया। हालांकि महाकाल मंदिर में बीती शाम ही फूलझड़ी जलाकर पर्व की शुरुआत हुई थी। शुक्रवार को मंदिर में अफसरों ने पूजन आरती की। गुरु सांदीपनि आश्रम स्थित कुबेर मंदिर का गर्भगृह साल में एक दिन के लिए आम दर्शनार्थियों के लिए खुला तो भीड़ उमड़ पड़ी। नईपेठ स्थित गजलक्ष्मी मंदिर 40 लाख रुपए मूल्य के नोटों से सजा। पर्व की रौनक बाजारों में भी दिखाई दी। लोग बड़ी संख्या में खरीदी करने पहुंचे। शनिवार को रूप चतुर्दशी और रविवार को दिवाली मनेगी।
धनतेरस का उल्लास बाजार में छाया हुआ है। श्री महाकालेश्वर मंदिर, आयुर्वेदिक कॉलेज, अस्पताल और नगरनिगम की मिर्ची नाला स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में आरोग्य के देवता धन्वंतरि का पूजन किया गया।
40 लाख के नोटों से सजी गजलक्ष्मी
नईपेठ स्थित गजलक्ष्मी मंदिर का परिसर दिवाली पर 40 लाख रुपए मूल्य के नोटों से सजा। तीन दिन पहले से इसकी तैयारी की जा रही थी। 50,100,200 और 500 रुपए मूल्य के नोटों की झालर टांगी गई है। 11 नवंबर तक इसे देखा जा सकेगा।
कुबेर की नाभि पर लगा इत्र
सांदीपनि आश्रम स्थित कुबेरदेव मंदिर भी लोग पहुंचे। साल में सिर्फ एक दिन के लिए खुले गर्भगृह में पहुंचकर लोगों ने कुबेरदेव की नाभि पर इत्र लगाया। पंडित शिवांश व्यास ने बताया कि मान्यता है कि ऐसा करने से कर्ज से मुक्ति मिलती है और सौभाग्य और समृद्धि बरकरार रहती है।
पटनी बाजार में उत्साह कम
धनतेरस को लेकर बर्तन बाजार में हर साल उत्साह रहता है लेकिन इस बार चौड़ीकरण नोटिस के चलते पटनी बाजार स्थित बर्तन बाजार के व्यापारियों के चेहरे पर मायूसी साफ दिख रही है। ऐसे में यहां धनतेरस का उत्साह कम ही नजर आ रहा है। सोना-चांदी बाजार में जरूर ग्राहक दिखाई दे रहे हैं, कीमत अधिक होने से यह भी शुभ के लिए खरीदी कर रहे हैं।
फूल बाजार में रौनक
धनतेरस पर फूलबाजार में भी रौनक रही। गेंदे की लडिय़ां बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग फूल खरीदने पहुंचे। हालांकि फूलों के दाम में इस बार तेजी नहीं दिखाई दी। दूधतलाई स्थित फूल मंडी में केवल गुलाब की ही कीमत थोड़ी ऊंची दिखाई दी। यह 80 रुपए किलो बिका। गेंदा 25 से 45, सेंवती के दाम 25 से 50 रुपए किलो रहे।
नमकमंडी-जयसिंहपुरा जैन मंंदिर में 9 को चढ़ेगा निर्वाण लाडू: नमकमंडी और जयसिंहपुरा स्थित दिगंबर जैन मंदिरों में 9 नवंबर केा निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। इस दौरान मंदिरों के शिखर पर ध्वजारोहण भी होगा। नमकमंडी में सुबह 9.30 और जयसिंहपुरा में सुबह 10 बजे लाडू चढ़ेगा।









