रिश्ते में प्यार से भी ज्यादा जरूरी है समझ, जानिए क्यों

प्यार के रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए हम अक्सर भरोसा, केयर, सम्मान और साथ जैसी चीजों को जरूरी मानते हैं। लेकिन किसी रिश्ते में एक और चीज बेहद महत्वपूर्ण होती है—एक-दूसरे को समझना।
जब हमें लगता है कि हमारा पार्टनर हमारी बात ध्यान से सुनता है, हमारी भावनाओं को समझता है और बिना बार-बार समझाए हमारी स्थिति को महसूस कर लेता है, तो रिश्ते में अपनापन और भरोसा और गहरा हो जाता है। यही एहसास रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
महंगे तोहफों से ज्यादा जरूरी है पार्टनर की बात सुनना
पार्टनर की पसंद का ख्याल रखना, उसे सरप्राइज देना या उसके लिए कुछ खास करना रिश्ते में प्यार जताने के अच्छे तरीके हैं। लेकिन अगर इन सबके बावजूद दोनों एक-दूसरे की बात समझ नहीं पाते, तो रिश्ते में दूरी महसूस हो सकती है। इसके विपरीत, जब पार्टनर एक-दूसरे की बात बिना जज किए सुनते हैं और भावनाओं को समझने की कोशिश करते हैं, तो छोटी-मोटी गलतफहमियां रिश्ते को ज्यादा प्रभावित नहीं करतीं।
समझे जाने का एहसास रिश्ते को बनाता है खास
हर इंसान चाहता है कि उसकी भावनाओं और विचारों को कोई समझे। रिश्ते में यह एहसास मिलने पर व्यक्ति अपने पार्टनर के सामने ज्यादा सहज महसूस करता है। उसे हर बात साबित करने या अपनी भावनाओं को बार-बार समझाने की जरूरत नहीं पड़ती। धीरे-धीरे रिश्ता उसकी जिंदगी का ऐसा हिस्सा बन जाता है, जिसमें उसे सुरक्षा, अपनापन और भरोसा महसूस होता है।
कैसे पहचानें कि पार्टनर आपको समझ नहीं पा रहा?
अगर बातचीत के दौरान बार-बार ऐसी बातें सुनने को मिलें—“तुम मेरी बात समझते ही नहीं”, “तुम मुझ पर भरोसा नहीं करते” या “मैंने ऐसा कहा ही नहीं था”, तो यह संकेत हो सकता है कि दोनों के बीच संवाद में कमी है। ऐसी स्थिति में बहस बढ़ाने के बजाय एक-दूसरे की बात शांत होकर सुनना ज्यादा जरूरी है।
रिश्ते में समझ बढ़ाने के लिए अपनाएं ये तरीके
- सामने वाले की जगह खुद को रखकर सोचें: किसी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय यह समझने की कोशिश करें कि उस समय पार्टनर क्या महसूस कर रहा होगा।
- बात करते समय ध्यान दें: मोबाइल या दूसरी चीजों में व्यस्त रहने के बजाय पार्टनर से बात करते समय उसकी ओर ध्यान दें। इससे उसे महसूस होगा कि उसकी बातें आपके लिए मायने रखती हैं।
- अच्छे श्रोता बनें: हर बातचीत का जवाब देना जरूरी नहीं होता। कई बार पार्टनर को सिर्फ यह चाहिए होता है कि कोई उसकी बात बिना बीच में टोके ध्यान से सुने।









