Advertisement

टायर फटने से बेकाबू बस डिवाइडर पार कर खंती में उतरी, महिला-बच्ची घायल

देवास-इंदौर रोड के रसूलपुर बायपास पर हादसा, चालक-कंडक्टर मौके से फरार

Advertisement

देवास। देवास-इंदौर रोड के रसूलपुर बायपास पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर के सामने टायर फटते ही चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस डिवाइडर से टकराकर उसे पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंची और सड़क से नीचे उतरकर खंती में जाकर रुकी।

बस क्रमांक एमपी 13-पी 1510 देवास से इंदौर जा रही थी। हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में 30 वर्षीय आस्था जोशी निवासी रामनगर सहित कई यात्री घायल हुए। गंभीर चोट लगने पर आस्था को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया। बस के आगे की ओर बैठी एक बच्ची को भी चोट आई, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया।

Advertisement

टायर फटने के बाद बिगड़ा संतुलन
यात्री अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि बस सामान्य गति से चल रही थी। अचानक टायर फटने के बाद चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका। बस डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में पहुंचते हुए सड़क किनारे खंती में उतर गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद चालक और कंडक्टर फरार
घटना के बाद बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टायर फटने से बस का संतुलन बिगडऩा सामने आया है। हादसे के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

Advertisement

बसों की फिटनेस व संचालन पर उठे सवाल
देवास-इंदौर रूट पर रोजाना हजारों यात्री बसों से सफर करते हैं। इनमें बड़ी संख्या में नौकरी और व्यवसाय के लिए रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्री शामिल हैं। हादसे के बाद निजी बसों की फिटनेस, नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस रूट पर अलग-अलग बस ऑपरेटरों की टाइमिंग में कुछ ही मिनट का अंतर होने के कारण कई बसें लगभग एक साथ सड़क पर दौड़ती हैं। यात्रियों को पहले बैठाने और आगे निकलने की होड़ को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में बसों की रफ्तार, फिटनेस और संचालन व्यवस्था की निगरानी पर जोर देने की जरूरत बताई जा रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें