सयाजी द्वार पर मां तुलजा-चामुंडा भवानी को मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर

सप्तमी से नवमी तक टेकरी पर रहेगी कड़ी निगरानी
महाकाल की सवारी की तर्ज पर होगा माताओं का सम्मान, विधायक के प्रस्ताव पर प्रशासन की मुहर
अक्षरविश्व न्यूज देवास। नवरात्रि के बाद निकलने वाले चल समारोह में देवास की आराध्य मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की पालकी को सयाजी द्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। नगर निगम में नवरात्रि की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में विधायक गायत्रीराजे पवार ने यह प्रस्ताव रखा। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सहमति देते हुए पुलिस विभाग को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उज्जैन में भगवान महाकाल की सवारी से पहले होने वाले सम्मान की तर्ज पर दोनों माताओं को यह सम्मान दिया जाएगा।
शारदीय नवरात्रि के दौरान माता टेकरी पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर ने कहा कि सप्तमी से नवमी तक टेकरी पर विशेष भीड़ रहेगी। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ निगरानी व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी।
टेकरी पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से भीड़ की निगरानी होगी। माता टेकरी की विद्युत व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने बिजली विभाग को नवरात्रि के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुबह और शाम आरती के समय विशेष सतर्कता बरतने तथा टेकरी सहित प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
सड़कों पर मवेशी मिले तो मालिक पर जुर्माना
शहर की सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को लेकर भी बैठक में सख्ती के निर्देश दिए गए। सभापति रवि जैन ने मवेशियों को पकडऩे और उनके मालिकों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव रखा। कलेक्टर ने अभियान चलाकर मवेशियों को पकडऩे के निर्देश दिए। मवेशी छुड़ाने पहुंचने वाले मालिक से 2 हजार रुपए जुर्माना वसूला जाएगा।
सयाजी द्वार का होगा नवीनीकरण, ब्रिजों पर लिखेंगे स्वागत संदेश
नवरात्रि में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों को सजाने की योजना है। सभापति रवि जैन ने सयाजी द्वार के नवीनीकरण के लिए टेंडर जारी करने की बात कही। बायपास, इंदौर रोड और उज्जैन रोड के ब्रिजों पर भी श्रद्धालुओं के स्वागत संदेश लगाने का सुझाव दिया गया।
फ्लेक्स में नेताओं से बड़े होंगे माता के चित्र
विधायक ने नवरात्रि के दौरान लगाए जाने वाले फ्लेक्स और बैनर को लेकर आयोजकों व राजनीतिक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने फोटो छोटे रखें और मां चामुंडा व मां तुलजा भवानी के चित्रों को प्रमुखता दें। नगर निगम के निर्धारित नियमों के अनुसार ही फ्लेक्स-बैनर लगाने को कहा गया।
निगम के सामने वाहनों पर रोक, 8 जगह पार्किंग
भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम के सामने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रोकने की योजना बनाई गई है। शहर में करीब 8 स्थानों पर पार्किंग प्रस्तावित की गई है। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन, चेक पोस्ट और रोड डिवाइडर व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
पंडालों के आसपास सुबह-शाम होगी सफाई
नवरात्रि के दौरान शहर के दुर्गा पंडालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास सुबह-शाम विशेष सफाई व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया। माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महापौर गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निगम आयुक्त दलीप कुमार, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
छोटे मंदिरों पर नहीं लगेंगे ताले
विधायक गायत्रीराजे पवार ने टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमानजी, कालका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में इन मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए पर्व के दौरान इन्हें बंद नहीं किया जाए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार आवश्यक व्यवस्था करने की बात कही।









