मां और संघ के संस्कार समाज के लिए सब कुछ दान कर दो : सीएम

सीएम ने सुनी ‘मन की बात’, महाकाल लोक थाने का लोकार्पण, उज्जैन दर्शन बसों को दिखाई हरी झंडी
चौड़ीकरण की जद में आ रहे अपने मकान को तोडऩे उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां और संघ से उन्हें समाज को कुछ देने के संस्कार मिले हैं। इसी कड़ी में वे अपना मकान चौड़ीकरण में तोड़ रहे हैं।
सीएम रविवार को अब्दालपुरा में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। वे खजूरवाली मस्जिद-गणेश चौक रोड चौड़ीकरण में अपने मकान को तोडऩे पहुंचे थे और यहीं उन्होंने मीडिया से बात की। सीएम ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि हम सब उज्जैनवासी सिंहस्थ में अपना योगदान दे रहे हैं। सिंहस्थ को हम बेहतर करेंगे। संघ और भाजपा ने हमें संस्कार दिए हैं कि समाज के लिए अपना योगदान दें। इसी कड़ी में मैं भी एक छोटा सा योगदान दे रहा हूं। अच्छी बात यह है कि उज्जैन वाले चौड़ीकरण में आगे बढ़कर सहयोग दे रहे हैं। यह पूरे देश के लिए एक अच्छा उदाहरण है। लोगों को अपना मकान तोडऩे में दु:ख तो होता है लेकिन आज मैं बहुत खुश हूं कि पूरा मोहल्ला स्वेच्छा से इस काम में योगदान दे रहा है। मध्यप्रदेश पीएम नरेंद्र मोदी के सहयोग से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रविवार का उज्जैन दौरा बेहद व्यस्तता भरा रहा। सुबह से शुरू हुए उनके कार्यक्रम का सिलसिला उज्जैन दर्शन करने बसों को हरी झंडी दिखाने तक जारी रहा। दरअसल, सीएम सुबह ही उज्जैन पहुंचे थे, उनका पूरा शेड्यूल खूब व्यस्तता भरा रहना हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण खजूरवाली मस्जिद- गणेश चौक चौड़ीकरण मार्ग पर अपने मकान को तोडऩे का था।
अब्दालपुरा स्थित पैतृक घर के बाहर उन्होंने विधि-विधान से भूमिपूजन किया और मकान पर गैंती चलाई। मकान तुड़वाकर वह यह संदेश देना चाहते थे कि आखिर शहर के विकास के लिए चौड़ीकरण कितना जरूरी है। करीब आधा घंटे तक यहां रुके सीएम सीधे महाकाल अन्नक्षेत्र पहुंचे और यहां एलईडी स्क्रीन पर पीएम नरेंद्र मोदी की मन की बात सुनी। जगह-जगह लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। उनके साथ सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर भाजपा के पदाधिकारी भी थे।
महाकाल लोक थाने का लोकार्पण किया
मन की बात सुनने के बाद सीएम ने महाकाल लोक थाने का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह थाना शुरू होने श्री महाकालेश्वर आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। यहीं से सीएम ने उज्जैन दर्शन के लिए मिली दस ईवी बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोपहर में सीएम वीसी से बलराम महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे और दोपहर बाद भोपाल रवाना होंगे।









