थाने के सामने स्कूल में चोरी, आखिर बेखौफ बदमाश कौन?

फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ ने जुटाए साक्ष्य, फुटेज से बदमाशों की तलाश जारी
दो माह पहले भी दो स्कूलों को बनाया था निशाना
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। एबी रोड पर कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित एमजी कॉन्वेंट स्कूल में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश स्कूल से 10 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो संदिग्ध चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फिंगरप्रिंट जुटाए।
जानकारी के अनुसार, वारदात शनिवार रात करीब 1 बजे की है। स्कूल प्रबंधन को रविवार सुबह चोरी का पता चला। फादर जार्ज के स्कूल पहुंचने पर घटना की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। थाने के सामने हुई चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
करीब दो माह पहले बदमाशों ने इसी क्षेत्र के दो निजी स्कूलों को निशाना बनाया था। कौटिल्य एजुकेशन से बदमाश हजारों रुपए की नकदी चुरा ले गए थे, जबकि इटर्नल स्कूल में घुसने के बाद वे खाली हाथ लौटे थे। इन दोनों मामलों का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
अब एक बार फिर निजी स्कूल में चोरी की वारदात होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।









