हैदराबाद में भारत का अजेय रिकॉर्ड, वेस्टइंडीज से आज चौथा टी-20 मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। ऐसे में टीम इंडिया की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने की होगी। हैदराबाद का मैदान भारतीय टीम के लिए अब तक काफी अच्छा रहा है। भारत ने यहां खेले गए तीनों टी-20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं। खास बात यह है कि टीम इंडिया ने 2024 में इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाए थे। यह टी-20 इंटरनेशनल में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है।
दौरे पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को कम मिली सफलता
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस दौरे पर अब तक तीन वनडे और तीन टी-20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन छह मैचों में केवल एक बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम अपने स्कोर का बचाव कर सकी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 34 टी-20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं। इनमें भारत ने 22 और वेस्टइंडीज ने 11 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है।
श्रेयस अय्यर और नमन धीर पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम की ओर से श्रेयस अय्यर ने सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने तीन मैचों में 143 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 226.98 रहा और सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 102 रन है। गेंदबाजी में नमन धीर ने प्रभावित किया है। उन्होंने तीन मैचों में पांच विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 31 रन देकर तीन विकेट रहा है।
रदरफोर्ड और चेज से वेस्टइंडीज को उम्मीद
वेस्टइंडीज की ओर से शेरफेन रदरफोर्ड ने अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने तीन मैचों में 172 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 189.01 रहा, जबकि सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन है। गेंदबाजी में रोस्टन चेज टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने तीन मैचों में छह विकेट लिए हैं।
हैदराबाद में फिर बन सकते हैं बड़े स्कोर
हैदराबाद के मैदान पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी परिस्थितियां रहने की उम्मीद है। पिछले दो साल में यहां 310, 297, 286 और 277 रन जैसे बड़े स्कोर बन चुके हैं। भारत में टी-20 क्रिकेट के शीर्ष आठ स्कोर में से चार इसी मैदान पर बने हैं। मैच के दौरान ओस पड़ने पर बल्लेबाजी करना और आसान हो सकता है। मौसम को लेकर बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड/क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज, शमर स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमर जोसेफ और गुडाकेश मोती।








