उत्तराखंड में बड़ा हादसा: चमोली में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जोशीमठ क्षेत्र में चाई और थैंग गांव के ऊपर ट्रांस भारत कंपनी का एक हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा की ओर जा रहा था।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की ओर से प्रशासन को हादसे की जानकारी दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने घटनास्थल की लोकेशन ट्रेस कर दुर्घटना की पुष्टि की। हादसे की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर दुख जताया है।
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग थे सवार
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। पायलट की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है। वहीं, यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एसएस नटराज के रूप में बताई गई है। हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान जोशीमठ क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण चाई और थैंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रशासन को सेना के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। जिलाधिकारी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए सभी यात्रियों और पायलट की मौत की जानकारी दी है।
सीएम धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताई और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।









