Popup Image
Advertisement

बेरछा रोड चौराहे पर दर्दनाक हादसा, एक की मौत

एक गंभीर घायल; क्षेत्रवासियों ने उठाए सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण के सवाल

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज नागदा। स्टेट हाइवे-17 पर सुरक्षित सफर की उम्मीद अब सवालों के घेरे में है। सड़क पर बढ़ता यातायात और चौड़ीकरण की लंबित मांग के बीच आए दिन हादसे राहगीरों की जिंदगी छीन रहे हैं। शनिवार को बेरछा रोड चौराहे के समीप हुए सड़क हादसे में ग्राम खुरमुंडी निवासी 50 वर्षीय भगवान सिंह गुर्जर की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 36 वर्षीय गट्टू सिंह गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उज्जैन रेफर किया गया। हादसे ने एक बार फिर सड़क चौड़ीकरण की जरूरत और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम खुरमुंडी निवासी भगवान सिंह पिता भंवरजी गुर्जर (50) और गट्टू सिंह पिता कुंवरजी गुर्जर (36) बेरछा रोड चौराहे के समीप दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में भगवान सिंह की जान चली गई, जबकि गट्टू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उज्जैन रेफर कर दिया गया। घटना की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लियाा है।

Advertisement

चौड़ीकरण की मांग, नतीजा सिफर
स्टेट हाइवे-17 पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सड़क की चौड़ाई और सुरक्षा इंतजामों को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग का समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बेरछा रोड चौराहे सहित मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। हर हादसे के बाद सड़क सुधार और चौड़ीकरण की मांग उठती है, लेकिन कुछ समय बाद मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है।

अब सवाल कार्रवाई का है
भगवान सिंह गुर्जर की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि स्टेट हाइवे-17 को सुरक्षित बनाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे? क्या सड़क चौड़ीकरण की मांग किसी और बड़े हादसे के बाद ही आगे बढ़ेगी? क्षेत्रवासियों की मांग है कि इस मार्ग का चौड़ीकरण प्राथमिकता से किया जाए, ताकि सड़क हादसों में होने वाली जनहानि पर रोक लग सके।

Advertisement

इनका कहना है

स्टेट हाइवे-17 पर आवागमन का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क की मौजूदा चौड़ाई कम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर चौराहों और व्यस्त हिस्सों पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सड़क चौड़ीकरण के साथ यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
हर्षद शर्मा, अमलावदिया रोड

स्टेट हाइवे-17 पर हादसों के बाद ही सड़क की समस्या चर्चा में आती है। सड़क चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। आखिर आम नागरिक कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरेंगे?
कमलेश चावंड, चेतनपुरा निवासी

स्टेट हाइवे-17 क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस पर बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण बेहद जरूरी है। सड़क की स्थिति और लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को ठोस कार्ययोजना बनाकर काम शुरू करना चाहिए। केवल हादसों के बाद चिंता जताने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क चौड़ीकरण के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाने चाहिए।
दिलीपसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें