रात में अचानक कालभैरव मंदिर पहुंचे कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त मिश्रा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार रात कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा और श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक कालभैरव मंदिर पहुंच गए। तीनों ने करीब एक घंटे तक परिसर का अंदर से बाहर तक मुआयना किया और संबंधितों से चर्चा की।
दरअसल, उज्जैन विकास प्राधिकरण सिंहस्थ और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर कालभैरव लोक का निर्माण कर रहा है। 164.50 करोड़ की इस योजना का काम शुरू हो गया है। इसके तहत मंदिर में कई तरह के विकास कार्य किए जाएंगे। चूंकि मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच ही नए विकास कार्य होंगे, ऐसे में कई तकनीकी पेंच भी आएंगे। इन सबका ही निपटारा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मुआयना करने पहुंचे थे। ट्रेनिंग से लौटे निगमायुक्त को भी इसी लिए साथ लिया गया था। मंदिर में टॉयलेट की जगह बदलेगी, आने-जाने के रास्ते में चेंज होगा। इन सब बदलाव को करने से पहले अफसरों ने यह देखा कि आखिर क्या-क्या किया जा सकता है।









