फूड वेस्टेज टैंक हादसे के बाद निगम प्रशासन की टीम ने शुरू की होटल-रेस्टोरेंट की जांच

महापौर ने कहा बगैर नगर निगम की अनुमति के नहीं कर सकेंगे होटल-प्रतिष्ठान फूड वेस्टेज टैंक की सफाई
उज्जैन। ट्रेनिंग से लौटे निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने फूड वेस्टेज टैंक हादसे के बाद जोनवाइज दस्ते बना दिए हैं। यह अपने-अपने क्षेत्र के होटल-रेस्टोरेंट के फूड वेस्टेज और सेप्टिक टैंक की जांच करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। निगमायुक्त ने बताया कि जोन वाइज टीमें जांच और कार्रवाई करेंगी।
उपायुक्त संजेश गुप्ता ने बताया कि टीम ने रविवार को तीन होटल-रेस्टोरेंट की जांच की थी। खामी मिलने पर इनको नोटिस दिया गया है। जांच के नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त राघवेंद्र पालिया ने बताया कि निगम ने सेप्टिक और फूड वेस्टेज टैंक साफ करने की व्यवस्था कर रखी है। इसका उपयोग करना चाहिए। होता यह है कि लोग निजी स्तर पर ही सफाई कराते हैं। बगैर सेफ्टी उपकरणों के सफाई करने से हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है।
भाई के जाने से फूटी रुलाई
फूड वेस्टेज में जान गंवाने वाला नितिन का शव पीएम के बाद जब बाहर लाया गया तो उसकी बहन की रुलाई फूट पड़ी। नितिन इकलौता भाई था। वह ही अपनी विधवा मां की देखरेख करता था। बहन अपने भाई को इस हालत में देखकर काफी देर तक रोती रही।
अपना स्वीट्स, होटल आश्रय एवं होटल समसारा की बल्क वेस्ट जनरेटर यूनिट चैक की
उज्जैन। हादसे के बाद नगरनिगम की टीम भी चौकन्नी हो गई।अपर आयुक्त पवनकुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने देवासरोड स्थित अपना स्वीट्स, होटल आश्रय और तीन बत्ती चौराहा स्थित होटल समसारा की बल्क वेस्ट यूनिट चैक की।
उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे और टीम ने ढक्कन खुलवाकर यूनिट के अंदर और बाहर चैक किया। टैंक की सफाई, टैंक पर ढक्कन, यूनिट स्थल पर सुरक्षा उपकरण, रखरखाव को टीम ने देखा। कमियों को तत्काल ठीक करने का कहा गया।
होटल, रेस्टोरेंट के फूड वेस्ट टैंक, सीवरेज,सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए जारी होंगे नोटिस
होटल श्री गंगा के दर्दनाक हादसे के बाद निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। महापौर मुकेश टटवाल ने होटल-रेस्टोरेंट के फूड वेस्ट बैंक, सीवरेज-सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए अनुमति को अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जल्दी ही नोटिस जारी किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि नगर निगम से अनुमति लेने के बाद ही निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों के साथ फूड वेस्ट बैंक, सीवरेज और सेप्टिक टैंक की सफाई की जा सकेगी। शहर के सभी होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों को इस संबंध में नोटिस जारी किए जाएंगे।









