धीरेंद्र शास्त्री ने की श्रीकृष्ण पर टिप्पणी, माफी मांगी

मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने आपत्ति जताई थी
छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई अपनी टिप्पणी पर विवाद बढऩे के बाद माफी मांग ली।
उन्होंने कहा कि उनकी मंशा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच किसी तरह का अंतर बताने की नहीं थी। अगर उनकी बातों से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं। रामकथा के दौरान शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए विवादित टिप्पणियां की थीं। उनकी टिप्पणी पर मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने आपत्ति
जताई थी।
खुद को श्रीकृष्ण का भक्त बताया: विवाद के बाद शास्त्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा, ‘उनकी टिप्पणी भक्ति परंपरा और ब्रज की प्रेमपूर्ण अभिव्यक्ति के संदर्भ में थी। उनका उद्देश्य किसी भगवान का अपमान करना या दोनों के बीच भेद करना नहीं था।’ विवाद बढऩे के बाद बाबा बागेश्वर के रूप में मशहूर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण एक ही परम सत्ता के स्वरूप हैं। उन्होंने स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का भक्त बताते हुए कहा कि वह भागवत कथा भी करते हैं और कृष्ण भक्ति में उनकी पूरी आस्था है।
बागेश्वर धाम प्रमुख के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत करवाई
नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण को लेकर दी गई एक कथित टिप्पणी का विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचकर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस मामले में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पप्पू यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण की गरिमा का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वीडियो संदेश जारी किया
विवाद बढ़ता देख बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो संदेश के जरिए अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मेरी बातों को गलत संदर्भ में तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मेरा इरादा भगवान कृष्ण का अपमान करने या राम-कृष्ण में भेद पैदा करने का बिल्कुल नहीं था।









