उज्जैन में तीन और महिदपुर में 6 प्रतिष्ठान में नहीं हो रहा था सही तौल, सभी पर प्रकरण दर्ज

दिवाली : फूड विभाग के बाद अब नापतौल विभाग ने त्योहार में संभाला मैदान
उज्जैन। दिवाली त्योहार पर अब फूड विभाग के बाद नापतौल विभाग ने भी मोर्चा संभाल लिया है। उज्जैन में तीन और महिदपुर में 6 प्रतिष्ठान पर सही नापतौल नहीं हो रहा था। इन प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
दरअसल, नापतौल नियंत्रक ने पूरे प्रदेश में अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में उज्जैन के नापतौल विभाग के अफसर भी जांच करने निकले थे। उज्जैन में टीम ने आठ प्रतिष्ठानों की जांच की, इनमें से तीन के तौलकांटों का सत्यापन नहीं मिला। सर्वे किराना, रेखा हार्डवेयर और लक्ष्मी किराना स्टोर्स मक्सीरोड के संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। टीम यहां से महिदपुर पहुंची और यहां किराना, होटल, हार्डवेयर एवं मंडी में जांच की। यहां के छह प्रतिष्ठानों की तौल ठीक नहीं मिली। ऐसे में इनके संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
सतयुग से मावा कतली, बेकर्स लॉउंज से मक्खनबड़ा-पतीशा का लिया सैंपल
फूड विभाग ने शहर-गांव में चैक की क्वालिटी
उज्जैन के साथ महिदपुर में भी की सैंपलिंग
उज्जैन। फूड विभाग ने बुधवार को उज्जैन और महिदपुर में जांच की। गुदरी बाजार स्थित सतयुग रेस्टोरेंट एवं स्वीट्स से मावा, मावा कतली और फ्रीगंज के बेकर्स लाउंज से मक्खनबड़े का सैंपल लिया। यहां से पतीशा मिठाई का नमूना भी लिया गया।
टीम सखीपुरा की दुर्गा सेल्स एजेंसी से नोवा गाय के घी का सैंपल लेने के बाद महिदपुर चली गई। यहां के भड़वा गांव में स्थित महाकाल डेयरी से दूध और झारड़ा की इंदौख चौपाटी स्थित मां वातेश्वरी रेस्टोरेंट से मावा बर्फी का सैंपल लिया है।सभी नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं। फूड अफसर बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि अगर फूड सामग्री में मिलावट या अमानक सामग्री खराब है तो इसकी शिकायत तुरंत फूड विभाग से करें।









