चाकू से हमला करने वाला बदमाश हिरासत में

उज्जैन। उडांसा तालाब की पाल पर एक युवक केा चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में फरार 5,000 रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, यह वारदात 26 अप्रैल को हुई थी। गोपालपुरा निवासी प्रिंस भारती ने पुत्र का मान कार्यक्रम उडांसा तालाब की पाल पर रखा था। इस दौरान उनके मित्र सुनील एवं राहुल पर विनीत, सतीश मालवीय, लक्की मालवीय एवं उदय ने हमला किया था। बाकी आरोपी तो पकड़ लिए गए थे, लेकिन उदय फरार था। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
भाटपचलाना का शराब तस्कर गिरफ्तार
उज्जैन। भाटपचलाना पुलिस ने शराब तस्करी के आरोपी में एक रजिस्टर्ड बदमाश को गिरफ्तार किया है। उस पर 7 अपराध दर्ज है।
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलवा निवासी मुकेश घर से ही शराब की तस्करी कर रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मुकेश को दबोच लिया। 45 साल के मुकेश पर 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
डोडाचूरा के साथ भाई बहन पकड़ाए
उज्जैन। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने केडी पैलेस के पास से भाई -बहन को पकड़कर उनसे हजारों रुपए कीमत का डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर केडी पैलेस के पास से रानू सिंधी पिता संतोष और उसकी मौसेरी बहन सिमरन पति अजय पंजाबी दोनों निवासी भोपाल को पकड़ा गया। उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली तो तीन सीलबंद पैकेट में 30 किलो से अधिक डोडाचूरा मिला। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया और कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया कि भाई बहन मूलत: रायसेन के रहने वाले हैं और डोडा चूरा की डिलेवरी देने केडी पैलेस क्षेत्र में पहुंचे थे। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 67 हजार रुपए के करीब आंकी गई है।
आरपीएफ की टीम ने की वेंडरों की धरपकड़
उज्जैन। ट्रेनों में निर्धारित संख्या से अधिक वेंडरों के मिलने पर आरपीएफ की टीम ने धरपकड़ शुरू की है। इन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि ट्रेनों में वेंडरों की संख्या का निर्धारण रेलवे गाइड लाइन अनुसार किया जाता है। ठेकेदार के माध्यम से यह व्यवस्था संचालित होती है। ठेकेदार ही निर्धारित संख्या में वेंडरों को आईडी कार्ड उपलब्ध कराता है। आरपीएफ इसे लेकर समय-समय पर अभियान चलाकर वेंडरों की जांच करती है। ट्रेन में चैकिंग के दौरान निर्धारित संख्या से अधिक वेंडर मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को भी टीम ने ट्रेनों में चेकिंग की जिसमें 6 वेंडरों को पकड़ा गया। सभी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।









