Popup Image

बढ़ते प्रदूषण में फेफड़ों को कैसे रखें स्वस्थ?

प्रदूषण और खराब होती हवा के बीच फेफड़ों को स्वस्थ रखना आज बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में लोग फेफड़ों को साफ रखने के लिए कई घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इन्हीं में गुड़ और तुलसी का सेवन भी शामिल है। माना जाता है कि रोजाना गुड़ और तुलसी खाने से गले की खराश दूर होती है, खांसी में आराम मिलता है और फेफड़ों में जमा गंदगी बाहर निकल जाती है।

Advertisement

भारतीय घरों में गुड़ और तुलसी का इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है। सर्दी-जुकाम होने पर भी कई लोग इनका सेवन करते हैं। लेकिन क्या वाकई गुड़ और तुलसी खाने से फेफड़ों की सफाई होती है? क्या ये प्रदूषण से फेफड़ों को होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं? आइए जानते हैं इस बारे में मेडिकल साइंस क्या कहता है।

क्या गुड़ खाने से फेफड़े साफ होते हैं?

Advertisement

गुड़ को अक्सर सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। खासकर सर्दियों में इसका सेवन ज्यादा किया जाता है। कई लोगों का मानना है कि गुड़ खाने से गले में जमा बलगम निकलता है और सांस लेने में आसानी होती है। कुछ लोग इसे प्रदूषण से फेफड़ों में जमा होने वाले धूल और जहरीले कणों को बाहर निकालने वाला भी मानते हैं। गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे कुछ खनिज तत्व मौजूद होते हैं। इसमें थोड़ी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि गुड़ खाने से फेफड़ों में जमा प्रदूषक कण बाहर निकल जाते हैं। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि गुड़ में शुगर की मात्रा काफी होती है। इसलिए डायबिटीज या ब्लड शुगर की समस्या से जूझ रहे लोगों को इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।

फेफड़ों के लिए तुलसी कितनी फायदेमंद है?

Advertisement

तुलसी को भारतीय घरों में औषधीय गुणों वाला पौधा माना जाता है। आयुर्वेद में भी इसका इस्तेमाल कई तरह की परेशानियों में किया जाता रहा है। खांसी, सर्दी और गले की खराश होने पर तुलसी की चाय या तुलसी का काढ़ा पीने का चलन है। तुलसी में कुछ प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट और सूजन कम करने वाले गुण हो सकते हैं। इसी वजह से इसे सेहत के लिए उपयोगी माना जाता है। हालांकि, तुलसी के इन गुणों का मतलब यह नहीं है कि इसका सेवन करने से फेफड़ों में जमा प्रदूषण या जहरीले कण साफ हो जाते हैं। सांस से जुड़ी बीमारियों के इलाज के तौर पर केवल तुलसी पर निर्भर रहना सही नहीं है।

क्या गुड़ और तुलसी मिलकर फेफड़ों को डिटॉक्स करते हैं?

गुड़ और तुलसी को साथ खाने से फेफड़ों की सफाई होने का दावा घरेलू नुस्खों में अक्सर किया जाता है। लेकिन इस दावे को साबित करने के लिए पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं। गुरुग्राम के सीके बिड़ला हॉस्पिटल में पल्मोनोलॉजी एंड क्रिटिकल केयर के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. कुलदीप कुमार ग्रोवर के मुताबिक, गुड़ या तुलसी खाने से फेफड़ों को डिटॉक्स करने और उनमें जमा प्रदूषण के कणों को बाहर निकालने की बात वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हुई है। इन दोनों चीजों में कुछ उपयोगी पोषक तत्व और प्राकृतिक यौगिक जरूर होते हैं, लेकिन ये प्रदूषण से फेफड़ों को होने वाले नुकसान को खत्म नहीं कर सकते। इसलिए इन्हें फेफड़ों की सफाई का उपाय या किसी बीमारी का इलाज समझना गलत होगा।

फेफड़े खुद कैसे करते हैं अपनी सफाई?

शरीर में फेफड़ों की सुरक्षा और सफाई के लिए प्राकृतिक व्यवस्था मौजूद होती है। जब हम सांस लेते हैं, तो हवा के साथ धूल और दूसरे छोटे कण भी शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। फेफड़ों और सांस की नलियों में मौजूद बलगम इन कणों को फंसाने में मदद करता है। वहीं, सिलिया नाम के बेहद छोटे बाल जैसे ढांचे बलगम और उसमें फंसे कणों को गले की ओर ले जाते हैं। इसके बाद खांसने या निगलने के जरिए शरीर इन्हें बाहर निकालने में मदद करता है। लेकिन जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेता है, तो फेफड़ों की यह प्राकृतिक सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इससे सांस लेने में परेशानी, खांसी और फेफड़ों में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

क्या रोजाना गुड़ और तुलसी खाना चाहिए?

गुड़ और तुलसी को सामान्य खान-पान का हिस्सा बनाया जा सकता है। तुलसी की चाय या सीमित मात्रा में गुड़ का सेवन कुछ लोगों को पसंद भी आता है। गले में हल्की खराश होने पर गर्म पेय से आराम मिल सकता है। लेकिन यह समझना जरूरी है कि गुड़ और तुलसी खाने से फेफड़ों में जमा प्रदूषण साफ नहीं होता। न ही ये प्रदूषण से होने वाले नुकसान का इलाज हैं।

गुड़ और तुलसी सेहत के लिए उपयोगी हो सकते हैं, लेकिन फेफड़ों को साफ करने का कोई प्रमाणित घरेलू उपाय नहीं हैं। फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए प्रदूषण से बचाव, धूम्रपान से दूरी और सही जीवनशैली ज्यादा जरूरी है।

यह भी पढ़े: बुखार में शरीर तपने के बावजूद क्यों लगती है ठंड?

यह भी पढ़े: Stomach Burning at Night: सोते ही क्यों बढ़ जाती है पेट की जलन?

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें