Popup Image

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग: कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां?

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग (Helicopter Parenting) परवरिश का ऐसा तरीका है, जिसमें माता-पिता बच्चों की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने लगते हैं। हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा खुश रहे, सुरक्षित रहे और जिंदगी में आगे बढ़े। इसी चिंता में कई बार वे बच्चे की हर गतिविधि पर नजर रखने लगते हैं। बच्चा किससे मिल रहा है, पढ़ाई कैसे कर रहा है और कौन-सा फैसला ले रहा है, इन सभी बातों को खुद कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं। माता-पिता को लगता है कि वे ऐसा करके बच्चे की मदद कर रहे हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा रोक-टोक उसके आत्मविश्वास और खुद फैसले लेने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। आइए जानते हैं इससे जुड़ी 4 गलतियां, जिनसे हर माता-पिता को बचना चाहिए।

Advertisement

क्या होती है हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग?

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग में माता-पिता बच्चों की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा शामिल हो जाते हैं। जिस तरह हेलिकॉप्टर किसी जगह के ऊपर लगातार मंडराता रहता है, उसी तरह ऐसे माता-पिता भी बच्चे की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखते हैं। बच्चे का होमवर्क, दोस्तों के साथ बातचीत, स्कूल की परेशानियां या रोजमर्रा के छोटे फैसले, हर मामले में माता-पिता खुद दखल देने लगते हैं। उन्हें लगता है कि ऐसा करने से बच्चा गलतियां करने और परेशानियों से बच जाएगा। लेकिन इस आदत के कारण बच्चा धीरे-धीरे खुद फैसले लेना और मुश्किलों का सामना करना नहीं सीख पाता।

Advertisement

बच्चों की परवरिश में न करें ये 4 गलतियां

अगर आप भी बच्चे की हर गतिविधि को कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं, तो अपनी आदतों पर ध्यान देना जरूरी है। इन चार गलतियों से बचकर आप बच्चे को आत्मनिर्भर बनने में मदद कर सकते हैं।

Advertisement

1. बच्चे को खुद फैसले लेने का मौका न देना

अगर आप हमेशा तय करते हैं कि बच्चा क्या पहनेगा, किसके साथ खेलेगा, कौन-सा शौक अपनाएगा या खाली समय में क्या करेगा, तो यह जरूरत से ज्यादा कंट्रोल करने का संकेत हो सकता है। बच्चों को उनकी उम्र के हिसाब से छोटे-छोटे फैसले खुद लेने दें। इससे वे अपनी पसंद-नापसंद समझते हैं और धीरे-धीरे जिम्मेदारी लेना भी सीखते हैं।

2. हर परेशानी से बच्चे को बचाना

माता-पिता अपने बच्चे को परेशान या दुखी नहीं देखना चाहते। लेकिन हर मुश्किल को खुद हल कर देना भी सही तरीका नहीं है। उदाहरण के लिए, बच्चे का होमवर्क खुद पूरा करना, दोस्तों के बीच हुए विवाद में तुरंत दखल देना या उसकी हर गलती को खुद सुधार देना उसकी सीखने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। बच्चे को गलती करने और उससे सीखने का मौका दें। जरूरत पड़ने पर उसे समझाएं और रास्ता दिखाएं, लेकिन हर समस्या का हल खुद न निकालें।

3. बच्चे की हर गतिविधि पर नजर रखना

बच्चे की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसकी हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए। कुछ माता-पिता बच्चों के मैसेज चेक करते हैं, दोस्तों के बारे में बार-बार पूछते हैं और उनकी हर छोटी बात जानना चाहते हैं। इससे बच्चे को लग सकता है कि माता-पिता उस पर भरोसा नहीं करते। खासकर बढ़ती उम्र में बच्चों को अपनी प्राइवेसी की जरूरत होती है। उनके साथ ऐसा रिश्ता बनाएं, जिसमें वे बिना डर के अपनी बातें आपसे साझा कर सकें।

4. पढ़ाई और अच्छे नंबरों के लिए दबाव बनाना

बच्चे की पढ़ाई को लेकर चिंता करना स्वाभाविक है, लेकिन अच्छे नंबर लाने का दबाव लगातार बनाना ठीक नहीं है। हर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करना और दूसरे बच्चों से तुलना करना बच्चे के मन में असफलता का डर पैदा कर सकता है। इससे उसका आत्मविश्वास कम हो सकता है और पढ़ाई तनाव की वजह बनने लगती है। बच्चे के नंबरों के साथ उसकी मेहनत और सीखने की कोशिश को भी महत्व दें। उसे समझाएं कि गलती होना या कम नंबर आना जिंदगी का अंत नहीं है।

हेलिकॉप्टर पेरेंटिंग से कैसे बचें?

बच्चों की परवरिश में प्यार और अनुशासन दोनों जरूरी हैं, लेकिन उनके बीच संतुलन बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बच्चे को सही और गलत का फर्क समझाएं, लेकिन हर फैसला खुद न लें। उसे अपनी उम्र के अनुसार जिम्मेदारियां निभाने दें और गलतियों से सीखने का मौका दें। उसकी बात ध्यान से सुनें और हर समय डांटने या रोकने के बजाय भरोसे का रिश्ता बनाएं।

याद रखें, अच्छी परवरिश का मतलब बच्चे की जिंदगी को पूरी तरह कंट्रोल करना नहीं, बल्कि उसे इतना सक्षम बनाना है कि वह आगे चलकर अपने फैसले खुद ले सके और मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर सके।

यह भी पढ़े: रामायण-महाभारत के इन 8 नामों पर रखें बच्चे का नाम

यह भी पढ़े: छोटी उम्र में प्यार का चक्कर? बच्चे को डांटने के बजाय ऐसे समझाए

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें