Popup Image

स्पीड ब्रेकर पर डगमगाई बाइक, सड़क पर गिरी पत्नी को पीछे से आए वाहन ने कुचला

एंबुलेंस की देरी पर डेढ़ घंटे तक हाई-वे जाम

Advertisement

डेढ़ साल का बेटा घायल, पति की आंखों के सामने उजड़ गया संसार

अक्षरविश्व न्यूज देवास। इंदौर-भोपाल रोड पर नेवरी टोल के पास रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया। स्पीड ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगडऩे से पत्नी और डेढ़ साल का बेटा सड़क पर गिर गए। पति कुछ संभल पाता, इससे पहले पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने पत्नी को कुचल दिया। हादसे में निकिता समारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम लावंश के पैर में फैक्चर हुआ है। पत्नी को आंखों के सामने खोने वाले पति केतन समारी हादसे में बाल-बाल बच गए।

Advertisement

केतन समारी पत्नी निकिता और डेढ़ साल के बेटे लावंश के साथ बाइक से भोपाल से इंदौर जा रहे थे। नेवरी टोल के पास जॉन डियर कंपनी के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर अचानक बाइक असंतुलित हो गई। इससे पीछे बैठी निकिता और बच्चा सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे वाहन ने निकिता को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मासूम भी घायल हो गया।

नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर शव देख भड़के लोग
हादसे के बाद निकिता का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक मदद नहीं पहुंची। आपातकालीन सेवाओं में देरी से नाराज लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक चले जाम के कारण इंदौर-भोपाल हाई-वे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया।

Advertisement

राहगीर ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद राहगीर राहुल भाटी ने घायल मासूम लावंश को तत्काल देवास जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घायल केतन को डायल 112 की मदद से अस्पताल लाया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने से बच्चे की जान बच गई।

पुलिस ने खुलवाया जाम, अज्ञात वाहन की तलाश
जाम की सूचना पर नाहर दरवाजा थाना पुलिस, सीएसपी सुमित अग्रवाल और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने निकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया सोमवार सुबह मृतिका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें