बाइक सवार परिवार को कार ने रौंदा, महिला की मौत; मासूम बेटा गंभीर

जॉन डियर कंपनी के सामने पीछे से आई कार ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे के बाद एक घंटे तक चक्काजाम; राहगीर ने मासूम को पहुंचाया अस्पताल
देवास। इंदौर-भोपाल रोड पर जॉन डियर कंपनी के सामने रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से इंदौर जा रहे बाइक सवार परिवार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला निकिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति केतन और डेढ़ साल का बेटा लवांश गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, केतन अपनी पत्नी निकिता और बेटे लवांश के साथ बाइक से भोपाल से इंदौर की ओर जा रहे थे। जॉन डियर कंपनी के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से निकिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि केतन और मासूम लवांश घायल हो गए।
पुलिस और एंबुलेंस के देरी से पहुंचने पर लोगों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद राहगीरों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने में देरी होने से लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर सीएसपी सुमित अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। इसके बाद घायल केतन को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
राहगीर ने मासूम को पहुंचाया अस्पताल, पैर में फ्रैक्चर
हादसे में घायल डेढ़ साल के लवांश को मौके पर मौजूद राहगीर राहुल भाटी ने तत्परता दिखाते हुए अपने साथ देवास जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, मृतका निकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।








