Popup Image

टीआई हत्याकांड में बड़ा एक्शन: कोर्ट में सरेंडर की तैयारी, बाहर एसआईटी ने दबोचा

खातेगांव जाने में डर बताकर देवास कोर्ट में मांगी थी आत्मसमर्पण की अनुमति

Advertisement

क्षेत्राधिकार के चलते अर्जी खारिज, राहुल जायसवाल के साथ साझेदारी भी स्वीकारी

अक्षरविश्व न्यूज देवास। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी हत्याकांड और अवैध शराब परिवहन नेटवर्क की जांच में शुक्रवार को दो अहम घटनाक्रम सामने आए। लंबे समय से फरार चल रहे टिमरनी शराब दुकान के लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल ने देवास जिला न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण करने की कोशिश की, लेकिन न्यायालय ने प्रकरण खातेगांव न्यायालय के क्षेत्राधिकार में होने का हवाला देते हुए उसकी अर्जी स्वीकार नहीं की। कोर्ट से बाहर निकलते ही पहले से तैनात एसआईटी ने उसे हिरासत में ले लिया। वहीं, मामले में आरोपी इंदौर के एडवोकेट विजय राव की पुलिस रिमांड पूरी होने पर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

Advertisement

शुक्रवार को पाटेंद्र जायसवाल अपने वकीलों के साथ प्रथम सत्र न्यायाधीश कपिल मेहता की अदालत पहुंचा था। उसने आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई। इस दौरान उसके वकील ने कोर्ट में दलील दी कि उसे देवास से खातेगांव जाने में डर लग रहा है। इस पर न्यायालय ने कहा कि जब वह देवास न्यायालय तक पहुंच सकता है तो खातेगांव भी जा सकता है। वकील को भी उसके साथ जाने के लिए कहा गया। करीब एक घंटे तक चली सुनवाई के बाद न्यायालय ने प्रकरण का क्षेत्राधिकार खातेगांव न्यायालय में होने का हवाला देते हुए सरेंडर की अर्जी स्वीकार नहीं की। इसके बाद पाटेंद्र जैसे ही न्यायालय परिसर से बाहर निकला, वहां पहले से मौजूद एसआईटी की टीम ने उसे कोर्ट गेट के बाहर ही हिरासत में ले लिया। टीम का नेतृत्व अमित सोलंकी कर रहे थे। पुलिस उसे निजी कार से खातेगांव लेकर रवाना हुई।

मीडिया के सवालों पर बोला- सिर्फ लाइसेंस था कारोबार से लेना-देना नहीं
हिरासत में लिए जाने से पहले मीडिया ने पाटेंद्र से टिमरनी शराब दुकान के लाइसेंस, गुजरात तक शराब की कथित सप्लाई और राहुल जायसवाल के साथ साझेदारी को लेकर सवाल किए। उसने गुजरात शराब भेजे जाने की जानकारी होने से इनकार किया। उसका कहना था कि उसे यह तक मालूम नहीं है कि दुकान कहां संचालित होती है और न ही वह वहां के स्टाफ को जानता है। हालांकि, राहुल जायसवाल के साथ साझेदारी के सवाल पर उसने हामी भरी।

Advertisement

पाटेंद्र ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम से डर गया था, लेकिन इस मामले में उसका कोई दोष नहीं है। उसके पास केवल शराब दुकान का लाइसेंस था और बाकी गतिविधियों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। अब एसआईटी उससे शराब कारोबार में उसकी वास्तविक भूमिका, साझेदारी और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर पूछताछ करेगी।

विजय राव को जेल भेजा, मनीष के ऑफिस से दस्तावेज जब्त
एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपियों में शामिल इंदौर के एडवोकेट विजय राव की रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को न्यायालय में पेशी हुई। कोर्ट ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। वहीं, आरोपी मनीष जायसवाल से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच टीम उसे इंदौर स्थित उसके कार्यालय लेकर पहुंची थी, जहां से कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इनके जरिए अवैध शराब कारोबार से जुड़े लेन-देन और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

लाइसेंस से लेकर लेन-देन तक जांच के दायरे में
पाटेंद्र जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद एसआईटी के सामने शराब दुकान के लाइसेंस, संचालन, साझेदारी, शराब की आपूर्ति और कथित परिवहन नेटवर्क के बीच संबंधों की कडिय़ां जोडऩे की चुनौती है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि लाइसेंसधारी की वास्तविक भूमिका क्या थी और शराब की खेप के परिवहन व कारोबार से जुड़े फैसले कौन ले रहा था।

टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के बाद शुरू हुई जांच अब अवैध शराब कारोबार के कथित नेटवर्क तक पहुंच गई है। पाटेंद्र की गिरफ्तारी, विजय राव को जेल भेजने और मनीष जायसवाल के कार्यालय से दस्तावेज जब्त होने के बाद एसआईटी का अगला फोकस नेटवर्क की पूरी संरचना, वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल लोगों की जिम्मेदारी तय करने पर रहेगा।

हरदा से गुजरात तक शराब पहुंचाने वाले नेटवर्क की पड़ताल

खातेगांव में 1-2 नवंबर की दरमियानी रात थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को रोकने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन टीआई पर चढ़ा दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और अवैध शराब परिवहन से जुड़े मामले की जांच शुरू की।

जांच में हरदा जिले के टिमरनी और रहटगांव क्षेत्र की शराब दुकानों से शराब की खेप निकलकर गुजरात तक पहुंचाए जाने की आशंका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिकों, कथित सप्लायरों, कारोबारियों और परिवहन नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल शुरू की। मामले में राहुल जायसवाल, विजय राव, केरम सिंह और वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस की जांच अब केवल शराब से भरे वाहन के परिवहन तक सीमित नहीं है। एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से निकलती थी, उसकी आपूर्ति और परिवहन की व्यवस्था कौन संभालता था और पूरे कारोबार में किसकी क्या भूमिका थी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें