सत्ता में आने पर कांग्रेस देश को अस्थिर करती है- सीएम

सीएम इन उज्जैन: लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा, कारोबारियों, सफाई मित्रों के सम्मान समारोह में हुए शामिल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस देश को अस्थिर करने की कोशिश करती है। देश में 90 बार सरकार गिराने वाले आज कह रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है।
सीएम डॉ. यादव मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की नगर व ग्रामीण इकाई की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा की सभा को संबोधित कर रहे थे। शहीद पार्क पर जनसभा को सीएम ने संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची के एसआईआर पर सवाल उठाकर कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और निष्पक्ष चुनाव जरूरी है। वोटर लिस्ट में मरे हुए लोगों के नाम लिखे हुए हैं, तो क्या मरे लोगों के नाम होना चाहिए? अब मरे लोगों के नाम हटाओ तो कांग्रेस चिल्लाए इनके नाम क्यों हटा रहे हो? अरे भैया वोटर लिस्ट शुद्ध करना है तो मरे लोगों के नाम तो हटाना ही पड़ेंगे। आप एक जगह चुनाव जीतो और एक जगह हार जाओ तो जहां जीत गए वहां तो सब ठीक और हार गए वहां गलत है। यह कौन सा हिसाब है? जब आप चुनाव केरल में जीत जाते हो तो आप कहते हो बिल्कुल ठीक है और बंगाल में हार गए तो चिल्लाने लगते हो । बंगाल में हाय-हाय करते फिरते हो।
संविधान में 100 संशोधन किए
संविधान में 100 बार संशोधन कांग्रेस ने किया। संशोधन की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू ने की। इंदिरा गांधी ने इसे आगे बढ़ाया। यूपीए सरकार में 75 से 100 बार संशोधन किया। आप बताइए 12 साल में क्या मोदी जी ने एक भी सरकार गिराई क्या? एक भी सरकार कोई बता दे। ये हमसे कह रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। हां, लोकतंत्र खतरे में है क्योंकि एक खानदान के घर के अंदर सारे पावर थे। उसी पावर से जीवन भर उनका घर का अपना रुतबा देश और विदेश में जमता था। लेकिन एक चाय वाले ने आकर सब खेल बिगाड़ दिया तो ये दुनिया भर में चिल्लाते फिर रहे हैं।
लोकसभा में क्यों नहीं बोले
लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सबसे पवित्र मंदिर लोकसभा है, नेता प्रतिपक्ष वहां कभी नहीं बोलते और बाहर बहस करने की चुनौती देते हैं। अगर चुनाव जीतना है, तो जनता के बीच जाओ, काम करो नेता प्रतिपक्ष के रूप में। जिसको बिच्छू का मंत्र नहीं आए, वो सांप के बिल में हाथ नहीं डालता है। ये गलती बहुत महंगी पड़ेगी।शहीद पार्क से पदयात्रा शुरू हुई और घासमंडी चौराहे तक पहुंची। यहां यात्रा का समापन हुआ।
पदयात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, जितेंद्र पंड्या, निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, पूर्व सांसद डॉ सत्यनारायण जटिया, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मुकेश यादव, जगदीश पांचाल, आनन्दसिंह खींची, कमल बैरवा, राकेश यादव, श्याम शर्मा, अनिल शिंदे सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन पदयात्रा प्रभारी जगदीश पांचाल ने किया।
मोरारी बापू की कथा का श्रवण किया बापू बोले- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बेहद सहज
उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव मोरारी बापू की भारत स्वास्तिक कथा में भी शामिल हुए। बापू ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बेहद सहज हंै। सीएम ने कहा कि सनातन विश्व का सर्वश्रेष्ठ धर्म है। हिंदू धर्म में गोपालन करने का कहा गया है। हमारी सरकार भी गोपालन को प्रोत्साहन देने के लिए गोशालाएं बना रही हैं। इससे दूध उत्पादन बढ़ेगा। बापू ने डॉ. यादव को आशीर्वाद देते हुए कहा कि राजा यदि स्वयं धर्म सभा में आए तो इसे एक शुभ संकेत समझना चाहिए।
स्वच्छता में उज्जैन को नंबर 1 बनाया, सीएम ने दिए सभी सफाई मित्रों को 5-6 हजार रु.
पुष्पवर्षा कर किया सफाई मित्रों का सम्मान
उज्जैन। स्वच्छता में उज्जैन को भारत में नंबर १ बनाने वाले सफाई मित्रों का मंगलवार को सीएम ने पुष्प बरसाकर अभिनंदन किया। सीएम ने हर सफाई मित्र को ५-५ हजार रुपए देने का ऐलान किया।
सीएम गीता भवन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह एवं सहभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के आत्मीय स्वागत से सफाई मित्र भाव-विभोर हो उठे। सीएम ने कहा कि उज्जैन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने में सफाई मित्रों का अथक परिश्रम, सामूहिक प्रयास और समर्पण शामिल है। इसके लिए प्रत्येक सफाई मित्र को 5,000 की सम्मान राशि दी जाएगी।
उज्जैन में होटल बनाइए, सिंगल विंडो से मिलेगी परमिशन
पंचकोशी के सभी पड़ाव पर्यटक ग्राम घोषित होंगे- सीएम डॉ. मोहन यादव
उज्जैन। सिंहस्थ के मद्देनजर उज्जैन में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवास व्यवस्था के लिए होटल और टेंट सिटी बनाई जाएगी। उज्जैन में होटल खोलने वालों को सारी अनुमति एक ही जगह मिलेगी। इसके लिए सिंगल विंडो रहेगी। होटल खोलने पर पर्यटन विकास निगम 30 प्रतिशत तक अनुदान देगा। पंचक्रोशी के 118 किलोमीटर लंबे रास्ते पर आने वाले हर पड़ाव पर पर्यटक ग्राम बनेगा। बोरेश्वर, दंगवाड़ा, गजनीखेड़ी और रुनिजा को भी इससे जोड़ा जाएगा।
यह बात सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने कही। वे होटल अंजुश्री में शहर व इंदौर के बड़े होटल व्यापारियों से वन टू वन कर रहे थे। उन्होंने उज्जैन में निवेश के लिए कारोबारियों को प्रेरित किया। व्यापारियों केसवालों का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि उज्जैन में होटल व्यवसाय की सारी एनओसी प्राप्त करने के लिए एक स्पेशल सेल बनेगी। यह सिंगल विंडो सिस्टम रहेगा। सभी तरह की अनुमति एक ही जगह मिलेगी।
यह भी कहा सीएम ने
सिंहस्थ में 30- 40 करोड़ श्रद्धालुओं के हिसाब से ठहरने के प्रबंधन करने होंगे।
उज्जैन में 2016 में होटल के कमरों की संख्या 570 थी। 2028 में यह 16,500 हो जाएगी। इनकी संख्या बढ़ाने की आवश्यकता लग रही है।
इसी के मद्देनजर टेंट सिटी व अन्य उपायों पर विचार करना जरूरी है।
इससे पहले उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने कहा कि सीएम डॉ. मोहन यादव के विजन से उज्जैन का चहुंमुखी विकास हो रहा है। 30 किलोमीटर के घाट निर्मित हो रहे हैं।









