शनि मंदिर के पास कान्ह नदी पर बनेगा 16 करोड़ रुपए का ब्रिज

स्थाई सिंहस्थ नगरी की दिशा में बढ़ा कदम, जीवनखेड़ी रोड होगा फोरलेन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। स्थाई कुंभ नगरी बनाने की दिशा में उज्जैन विकास प्राधिकरण ने एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। शनि मंदिर से जीवनखेड़ी के बीच कान्ह नदी पर टू लेन ब्रिज बनाने के लिए टेंडर लगा दिया है। अगले माह तक किसी कंपनी को बनाने का ठेका दिया जा सकता है।
स्थाई कुंभ नगरी बनाने का प्रोजेक्ट यूडीए द्वारा तैयार किया गया है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार इसे मंत्रिमंडल की बैठक में हरी झंडी भी दे चुकी है। इसी सिलसिले में जीवनखेड़ी गांव को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है। खान नदी पर अभी टू लेन ब्रिज है और नया टू लेन ब्रिज बनने से यह फोरलेन हो जाएगा जिससे सिंहस्थ के समय बेहतर रोड कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
नया ब्रिज बनाने के लिए यूडीए ने पूरी योजना तैयार कर ली है। 16.75 करोड़ रुपए का टेंडर भी जारी कर दिया गया है। टेंडर जमा करने के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की गई है। इसके बाद एक से डेढ़ माह में यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। वर्क ऑर्डर जारी होने पर नवंबर या दिसंबर से काम शुरू हो सकता है। कार्यपालन यंत्री कुलदीप रघुवंशी ने बताया टेंडर जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फोरलेन ब्रिज और रोड से होगा विकास
शनि मंदिर से जीवनखेड़ी तक फोरलेन रोड बनने से क्षेत्र का विकास भी तेजी से हो सकेगा। इंदौर उज्जैन रोड सिक्स लेन हो रहा है और जीवनखेड़ी सिंहस्थ बायपास के नजदीक है। इससे इंदौर रोड और बडऩगर रोड की कनेक्टीविटी भी अच्छी हो जाएगी। इससे क्षेत्र का विकास तेजी से हो सकेगा।









