ऑटो इंजीनियरिंग फैक्ट्री संचालक की लापरवाही से गई थी श्रमिक की जान

मैनेजर पर केस दर्ज

उज्जैन। पंवासा थाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में काम करने वाले युवक की सीढ़ी से गिरने के बाद मृत्यु हो गई थी। मामले में पुलिस ने जांच के बाद फैक्ट्री मैनेजर पर केस दर्ज किया है।
एसआई नितेश मिठौरा ने बताया कि सुनील सोलंकी पिता राधेश्याम सोलंकी निवासी विश्वबैंक कॉलोनी ऑटो इंजीनियरिंग फैक्ट्री पंवासा में वेल्डर था। 21 जून की दोपहर मरम्मत के लिये सीढ़ी पर चढ़कर वह काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे के बाद वह ऊंचाई से गिर गया और गंभीर घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच में पुलिस ने पाया के फैक्ट्री संचालक ने अपने यहां काम करने वाले मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराये थे इस कारण सुनील हादसे का शिकार हो गया।
12 दिन पहले लगा था काम पर
पुलिस ने बताया कि सुनील ऑटो इंजीनियरिंग फैक्ट्री में ९ जून से ही काम शुरू किया था। मैनेजर शाहिद के कहने पर वह मरम्मत कार्य के लिये सीढ़ी पर चढ़ा था। पुलिस ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मांगे जो मैनेजर ने उपलब्ध नहीं कराए थे। उसका कहना था कि कैमरे बंद हैं। मैनेजर के खिलाफ धारा 106-1, 290 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।









