आकाशवाणी उज्जैन के लिए उद्घोषको के इंटरव्यू पूरे, प्रसारण सितंबर में

उज्जैन। आकाशवाणी उज्जैन के लिए उद्घोषको के साक्षात्कार की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो गई। उज्जैन केंद्र से प्रसारण 1 सितम्बर के बाद कभी भी शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 20 अगस्त को लिखित परीक्षा, 21 अगस्त को स्वर परीक्षण के बाद 22 अगस्त शुक्रवार को साक्षात्कार हुआ। अब चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। भोपाल आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख राजेश भट्ट ने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को अब विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें रेडियो स्टेशन से जुड़े तकनीकी कार्य, प्रसारण की विधियाँ और कार्यक्रम प्रस्तुतीकरण की बारीकियाँ सिखाई जाएंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
संस्कृति और परंपरा पर विशेष ध्यान
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मालवी लोक संस्कृति, लोककथाएँ, भजन परंपरा, पंडे-पुजारियों की वाणी, शिप्रा तट की संस्कृति, ग्रामीण जीवन, मौसम व मंडी भाव, शासन की योजनाएँ तथा सिंहस्थ महापर्व से जुड़ी जानकारियाँ भी प्रदान की जाएंगी। आकाशवाणी उज्जैन केंद्र के ऑन-एयर होते ही ये प्रशिक्षित प्रतिभागी उद्घोषक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुए ग्रामसभा, महिला सभा, युववाणी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रोताओं से सीधे संवाद करेंगे।









