उज्जैन-गरोठ रोड के खेड़ा-खजूरिया टोल पर मारापीटी, डिप्टी मैनेजर ने दर्ज कराया केस

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन-गरोठ रोड के खेड़ा खजूरिया टोल कार्यालय पर तीन दिन पहले गदर मच गया। इंदौर पासिंग वाहन के चालक ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारापीटी की। डिप्टी मैनेजर ने इस संबंध में अब रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डिप्टी मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि19 सितंबर की रात करीब 1 बजे वे टोल कार्यालय में विश्राम कर रहे थे। इस दौरान एमपी 09-जेडयू 7776 से राहुलसिंह आया। उसने स्टाफ से मेरे बारे में पूछा और दफ्तर में घुस गया। यहां आते ही उसने शिफ्ट इंचार्ज विनोद यादव को उठाया और अभद्रता शुरू कर दी। मैंने उसे रोका तो उसने हाथापाई शुरू कर दी। उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि तू नीच जाति का आदमी हमारी गाडिय़ों से टोल लेगा। इस बीच उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह चल गया।
पहले भी टोल प्लाजा पर धमका चुका है
दीपक ने कहा कि राहुलसिंह, कानाखेड़ी के रहने वाले जितेंद्रसिंह सिसोदिया उर्फ जीतू बन्ना के साथ आता रहता है। वह पहले भी धमका चुका है। डिप्टी मैनेजर ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने राहुलसिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।









