बगलामुखी मंदिर में सुरक्षाकर्मी से मारपीट, पंडित सहित 4 पर आरोप

अक्षरविव न्यूज नलखेड़ा। मां बगलामुखी मंदिर में निर्गम द्वार पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि द्वार से प्रवेश करने से रोकने पर एक पंडित ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
फरियादी ओम प्रताप सिंह उर्फ लक्की (18), निवासी सेमलखेड़ी ने पुलिस को बताया कि वह आईबा सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से 11 अक्टूबर से मंदिर में ड्यूटी कर रहा है। 16 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे वह निर्गम द्वार पर तैनात था। इसी दौरान छापरिया निवासी पंडित महेश व्यास वहां पहुंचे और द्वार से अंदर जाने लगे।
युवक ने उन्हें निर्गम द्वार होने के कारण प्रवेश करने से रोका। फरियादी के अनुसार इसके बाद महेश व्यास तीन अन्य पंडितों के साथ लौटे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि महेश ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे चोट लगने पर खून निकलने लगा। अन्य तीन लोगों ने भी मुक्कों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद युवक मंदिर समिति कार्यालय पहुंचा और साथियों के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









