ब्लेड से पत्नी का गला काटने की कोशिश, अस्पताल में भर्ती

शादी के बाद से ही हो रहा विवाद, तलाक की कार्रवाई चल रही

उज्जैन। एक पति ने मायके में रह रही अपनी ही पत्नी का ब्लेड से गला काटने की कोशिश की जिसमें वह घायल हो गई। गनीमत रही कि परिजनों ने उसे बचा लिया वरना गंभीर हादसा हो सकता है। फिलहाल वह चरक अस्पताल में भर्ती है।
घायल का नाम बुलबुल पति विशाल सूर्यवंशी निवासी पंवासा है। उसने बताया कि 2 साल पहले निनौरा में रहने वाले विशाल सूर्यवंशी से उसकी लव मैरिज हुई थी। विशाल नशे का आदी है इसलिए शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद हो रहे थे। इसी के चलते दोनों के बीच तलाक की कार्रवाई चल रही है। 28 अगस्त को वह अपने मायके पंवासा आ गई थी।
2 सितंबर को विशाल उसके घर पहुंचा और विवाद करते हुए गले पर ब्लेड मार दी जिससे उसका गला और जबड़ा कट गया। इसी दौरान पिता लक्ष्मण चौहान बीच-बचाव करने आए और विशाल से ब्लेड छीनने की कोशिश की जिसमें विशाल का हाथ टूट गया। गनीमत रही कि घाव गहरा नहीं था वरना हादसा गंभीर हो सकता है। इधर, घटना के बाद बुलबुल ने पंवासा थाने में रिपोर्ट करवाई है और एसपी के सामने बयान भी दिए हैं। फिलहाल विशाल और बुलबुल चरक अस्पताल में भर्ती हैं।









