अगले साल से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

रेलमंत्री ने कहा, 15 अगस्त 2027 से शुरू होगी सेवा

नईदिल्ली, एजेंसी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 15 अगस्त 2027 को देश को पहली बुलेट ट्रेन मिल जाएगी। इसी तरह पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को अगले कुछ दिनों में हरी झंडी दिखाई जाएगी। रेल मंत्री वैष्णव ने रेल भवन में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। पिछले साल नवंबर में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति का जायजा लिया था। इसके लिए मोदी सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन पर पहुंचे थे।
गुवाहाटी-कोलकाता के बीच पहली स्लीपर वंदे भारत- पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कोलकाता-गुवाहाटी के बीच चलाने का फैसला किया है। रेल मंत्री ने कहा कि पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 17 अथवा 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। इसके लिए अनुमति मांगी गई है। सूत्रों का कहना है कि 17 अथवा 18 को पीएम मोदी बंगाल के दौरे पर जा सकते हैं, वहां से वंदे भारत को रवाना करेंगे।
12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलेंगी- रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में कुल 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देश के प्रमुख रेलमार्गों पर दौडऩे लगेंगी। छह माह के अंदर आठ ट्रेन बनकर तैयार हो जाएंगी। कोलकाता-गुवाहाटी (दूरी 1000 किमी) वंदे भारत पहली स्लीपर ट्रेन होगी। इसका एसी-3 का किराया 2300, एसी-2 का 3000 और एसी-1 का किराया 3600 रुपए होगा। रेलवे विशेषज्ञों ने बताया कि इतनी ही दूरी के लिए राजधानी ट्रेन में एसी-3 का किराया 2200-2500 रुपए, एसी-2 का किराया 3100-3500 रुपए और एसी-1 का किराया 4200-4800 रुपए प्रति यात्री है।









