ड्यूटी पर बीयर पीते दिखे बिजली कंपनी के कर्मचारी उपभोक्ता बिजली के लिए चक्कर पर चक्कर लगा रहे

एमपीईबी के सीनियर जोन कार्यालय के कंप्लेंट सीसीआर कर्मचारी का वीडियो सामने आया
अक्षरविश्व न्यूज देवास। बिजली संबंधी शिकायतों का निराकरण करने की जिम्मेदारी संभालने वाले बिजली कंपनी के कार्यालय की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में आ गई है। एबी रोड स्थित मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सीनियर जोन कार्यालय में पदस्थ कंप्लेंट सीसीआर कर्मचारी अर्जुन चौहान पर ड्यूटी के दौरान कार्यालय की टेबल पर बैठकर बीयर पीने का आरोप लगा है। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद विभागीय व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस दौरान कर्मचारी बीयर पी रहा था, उस समय उसकी जगह कोई अन्य व्यक्ति काम संभाल रहा था। आरोप यह भी हैं कि कर्मचारी ड्यूटी के दौरान दूसरे व्यक्ति को कार्यालय में बैठाकर चले जाते हैं। ऐसे में शिकायत केंद्र पर कर्मचारियों की मौजूदगी और जिम्मेदारी निभाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिजली बहाली के लिए भटक रहे उपभोक्ता
एक ओर कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान बीयर पीने का आरोप है, वहीं दूसरी ओर बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि डिजिटल मीटर में बिल बकाया होने पर बिजली सप्लाई तत्काल बंद हो जाती है, लेकिन बकाया राशि जमा करने के बाद भी कई मामलों में बिजली बहाल कराने के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शिकायत के लिए फोन लगाने पर कई बार कॉल रिसीव नहीं होते और अधिकारियों से संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। उपभोक्ताओं की शिकायत व बिजली संबंधी अन्य शिकायतें दर्ज करना सीसीआर कर्मचारी की जिम्मेदारी एवं फील्ड कर्मचारियों को सूचना देना और बिजली सप्लाई बहाल कराने के लिए समन्वय करना है। ऐसे में शिकायत केंद्र पर ही लापरवाही के आरोप सामने आने से उपभोक्ताओं की सुनवाई और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जांच के बाद होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
मामले में अधीक्षण यंत्री केतन रायपुरिया ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच डीई को सौंपी गई है। वीडियो में सीनियर जोन कार्यालय का सीसीआर कर्मचारी बीयर पीते हुए दिखाई दे रहा है। जांच के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।









