भावांतर योजना: मॉडल रेट बढऩे से सीएम सहित किसान खुश, बारह दिन में ही बढ़ गई 243 रुपए तक कीमत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना वरदान बनकर सामने आई है। योजना में घोषित हो रहे मॉडल रेट में रोजाना दाम बढ़कर मिल रहे हैं। रोजाना मॉडल रेट बढऩे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट मीटिंग में खुशी जाहिर की है। मीटिंग मंगलवार को भेापाल में हुई थी। 19 नवंबर को ही 4263 रुपए का मॉडल रेट घोषित किया गया। पिडले 12 दिन में मॉडल रेट में 243 रुपए की वृद्धि हो चुकी है। 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल रेट पहली बार खोल गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सोयाबीन उत्पादक किसान उपज के कम दाम मिलने से परेशान थे। पिछले चार सालों में इस उपज को बोने पर उनकी लागत तक नहीं निकल रही थी। बीच में आई प्राकृतिक आपदा ने भी नुकसान पहुंचाया था। एक बीघा की सोयाबीन खेती की लागत तकरीबन 8 से 9 हजार रुपए आती है। अगर सबकुछ ठीक रहे तो एक बीघा में अधिकतम 4 क्विंटल तक उत्पादन भी होता है। फिलहाल 3000 रुपए क्विंटल का भाव मिलने से किसान निराश थे और उनको उपज की वाजिब कीमत दिलाने के लिए सरकार ने भावांतर योजना लागू की है। इसके तहत पंजीकृत किसानों से 7 नवंबर से मॉडल रेट के अनुसार खरीदी की जा रही है।
क्यों बढ़ रहा मॉडल रेट
सोयाबीन उपज का मॉडल रेट बढऩे का कारण मौसम का खुला होना है। फिलहाल दिन में अच्छी धूप पड़ रही है,ऐसे में उपज में नमी कम आ रही है। इस वजह से फसल अच्छी महसूस हो रही है, इसका असर कीमत पर पड़ रहा है। मॉडल भाव पिछले 15 दिन की सोयाबीन की औसत बिक्री के आधार पर निकाला जाता है।
खरीदी रेट के अंतर का भुगतान करती है सरकार
चिमनगंज स्थित कृषि उपज मंडी के सचिव अश्विनी सिन्हा ने बताया सोयाबीन खरीदी का मॉडल रेट हर दिन घोषित होता है। इस रेट के अनुसार पंजीकृत किसानों से व्यापारी खरीदी करते हैं। वह अपने दाम तो किसान को तत्काल दे देते हैं, अगर यह मॉडल रेट से कम होते हैं, तो शेष राशि का भुगतान सरकार करती है। आठ दिन के भीतर भावांतर का भुगतान किसानों को हो जाता है।
कब कितना रहा मॉडल रेट
7 नवंबर- 4020
8 नवंबर- 4033
9 -10 नवंबर- 4036
11 नवंबर- 4056
12 नवंबर – 4077
13 नवंबर- 4130
14 नवंबर- 4184
15 नवंबर- 4225
16 नवंबर- 4234
17 नवंबर- 4236
18 नवंबर – 4255









