डिजिटल जनगणना का पोर्टल खुला आज से घर बैठे खुद भरें जानकारी

स्वगणना क्यों जरूरी इसके क्या फायदे

उज्जैन।देश की आठवीं और पहली डिजिटल जनगणना के लिए पोर्टल गुरुवार से चालू हो गया। सेल्फ एम्यूमरेशन (स्व-गणना) के लिए खुले विशेष पोर्टल में सेंसस के लिए घर के मुखिया को ३३ सवालों के जवाब देने होंगे।
यह पूरा होते ही जनगणना का फॉर्म सबमिट हो रहा है। प्रथम चरण में 30 अप्रैल तक ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने पर आवेदक को विशिष्ट आईडी (एसई-आईडी) मिलेगी। इसे 1 से 31 मई के बीच घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा। प्रगणक इसी के आधार पर स्व-गणना की जानकारी का मिलान और पुष्टि करेंगे।
कैसे करें स्व-गणना जानिए स्टेप-बाय-स्टेप
लॉगिन-पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना राज्य चुनें और कैप्चा भरें।
पंजीकरण- परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
भाषा- अपनी सुविधा के अनुसार 16 भाषाओं में से किसी एक का चयन करें और ओटीपी से वेरिफिकेशन करें।
लोकेशन- जिला, शहर और अपनी सही लोकेशन चुनें।
जानकारी- 33 सवालों के फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें और अच्छी तरह चैक करने के बाद ही सबमिट करें।
आईडी- फॉर्म सबमिट होते ही मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखें।
स्वगणना क्या है, इसके क्या लाभ हैं?
उ. स्व-गणना सेंसस की ऑनलाइन प्रोसेस है। इसमें मुखिया खुद जानकारी भर सकता है। यह जानकारी भरने पर एसईआईडी जनरेट हो जाएगी। इसे जनगणना प्रगणक को दिखाकर पुष्टि करानी होगी।
स्वगणना के लिए किस जानकारी की जरूरत है?
उ. स्व-गणना के लिए मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर देना होगा। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के बाद भाषा और नाम नहीं बदल सकेंगे।
घर की लोकेशन कैसे मार्क कर सकते हैं?
उ. जिला और पिनकोड डालें। फिर क्षेत्र चुनें। मैप खुलेगा। लाल मार्कर खींचकर अपने घर पर सेट करें। यही लोकेशन प्रगणक के लिए पहचान बनेगी।
प्रश्नावली में कितने सवाल पूछे जाएंगे ?
उ. मकान और परिवार से जुड़े ३३ सवाल होंगे। इनमें दीवार, छत, फर्श, पानी, बिजली, शौचालय, गैस, टीवी, मोबाइल, वाहन और खाद्यान्न से जुड़े सवाल होंगे।
जानकारी भरने के बाद क्या होगा?
उ. जानकारी भरने के बाद प्रीव्यू फाइल बनेगी। जांच के बाद सबमिट करने पर ११ अंकों का एसई आईडी मिलेगी। इसे नोट कर लें। स्क्रीन शॉट भी ले लें। एसएमएस और ईमेल पर भी यह आईडी आएगी।
क्या फाइनल सबमिट करने के बाद जानकारी सुधार सकते हैं?
उ. नहीं। खुद सुधार नहीं कर सकते। जरूरत होने पर प्रगणक से सुधार करवा सकते हैं।
प्रगणक के घर आने पर क्या करना होगा?
उ. प्रगणक को एसईआईडी दिखानी होगी। मिलान होने पर डेटा स्वीकार होगा। नहीं मिलने पर प्रगणक दोबारा जानकारी लेंगे।









