गुंडई पर एक्शन… यात्रियों से मारपीट करने वाले टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी गिरफ्तार, उठक-बैठक लगवाई

कहासुनी पर वाहन चालकों और महिलाओं के साथ की थी मारपीट

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
टोल शुरू हुए दो दिन हुए और शुरू हो गई गुंडागिर्दी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बडऩगर-बदनावर हाईवे टोल पर मामूली कहासुनी पर कर्मचारियों द्वारा वाहन चालकों के साथ मारपीट और महिलाओं के अभद्रता करने पर इंगोरिया पुलिस ने एक्शन लिया और वीडियो वायरल होने के बाद पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद थाने में कान पकडक़र उनसे उठक-बैठक लगवाई। इस बीच पुलिस ने फरियादी से संपर्क कर शिकायत करने के लिए कहा है लेकिन किसी के द्वारा अभी तक प्रकरण दर्ज नहीं करवाया है।
दरअसल, इंगोरिया थाना क्षेत्र का यह मामला शनिवार का बताया जा रहा है। टोल कर्मचारियों और टवेरा से जा रहे लोगों के साथ टैक्स चुकाने की बात पर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने कार सवार लोगों को लात-घूंसों से सडक़ पर पटक-पटककर पीटा। इस दौरान महिलाओं ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी जमकर अभद्रता की गई।
हालांकि, कार सवार बिना शिकायत किए वहां से चले गए लेकिन जैसे ही वायरल वीडियो इंगोरिया पुलिस के पास पहुंचा तो मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वयं संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र सिंह उर्फ सोनू पिता अर्जुन सिंह राठौर (३५) निवासी खरसोद खुर्द, हर्षवर्धन सिंह पिता हेमचंद सिंह राठौर निवासी भाटपचलाना, संदीप पिता मोहनलाल चौधरी (26) निवासी भीड़ावद (बडऩगर), रणवीर पिता विश्वनाथ उमठ (28) निवासी तलेन और विजेंद्र पिता रघुवीर सिंह चंद्रवंशी, निवासी तलेन (राजगढ़) को गिरफ्तार किया है। सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। आपको बता दें कि दो दिन पहले ही खरसोदखुर्द के समीप बडऩगर-बदनावर हाईवे टोल शुरू हुआ है और गुंडागिर्दी शुरू हो गई है।
135 रुपए को लेकर विवाद
विवाद 135 रुपए की टोल राशि को लेकर शुरू हुआ था। जानकारी मिली है कि यह परिवार देवास जिले का था। फरियादी परिवार के मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि उनकी गाड़ी में फास्टैग था या नहीं।
वीडियो में दिखा अमानवीय चेहरा
घटना शनिवार की बताई जा रही है जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। १ मिनट ५ सेकंड के इस वीडियो में टोल कर्मचारियों का अमानवीय चेहरा दिखाई दिया। उन्होंने गुंडाई करते हुए कार सवारों को गाड़ी से ना सिर्फ निकाला बल्कि सडक़ पर पटक-पटककर पीटा जो वीडियो में साफ देखा जा सकता है। इसके अलावा वाहन का शीश भी तोड़ा गया।









