इलाज कराने गए जनरल मैनेजर की मौत, अस्पताल में क्या हुआ?

क्लीनिक से निजी अस्पताल पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत और थम गईं सांसें
25 दिन पहले ही केरल से आए थे
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में रहने वाले एक निजी कंपनी के जनरल मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि सामान्य पैर दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे अधिकारी की हालत अचानक इतनी बिगड़ी कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और महज 25 दिन पहले ही इंदौर आकर नई जिम्मेदारी संभाली थी। लसूडिय़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लसूडिय़ा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मेनन दिनेश (44) पुत्र करुणा कृष्णन निवासी महालक्ष्मी नगर के रूप में हुई है। कंपनी का स्टाफ उन्हें बेसुध हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेनन एबी रोड स्थित क्रिस्टल कॉर्पोरेट बिल्डिंग में ‘वडोरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ में जनरल मैनेजर थे।
स्टाफ के मुताबिक, मेनन के एक पैर में कुछ दिनों से दर्द था और बंगाली चौराहा स्थित डॉ. नितिन साहू से उनका इलाज चल रहा था। दर्द बढऩे पर वे ऑफिस नहीं गए और शाम को डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचे। वहां से उन्हें एक निजी अस्पताल भेजा गया, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। केरल से पत्नी व बेटी के इंदौर पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।









