ग्रंथी की बहू गुरुद्वारे में फांसी पर लटकी

By AV News 2

परिजन बोले…पति का दूसरी लडक़ी से चक्कर, हत्या की आशंका

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दूधतलाई गुरुद्वारा के ग्रंथी की बहू को पति ने रात ढाई बजे फांसी के फंदे पर लटके देखा जिसकी सूचना देवासगेट थाना पुलिस को दी। ससुरालजन बहू का शव फंदे से उतारकर चरक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित किया और शव पीएम रूम में रखवा दिया। बहू का मायका इंदौर में है। उसके भाई व चाचा ने ससुरालजन पर हत्या का आरोप लगाया है।

दूधतलाई गुरुद्वारे में रहने वाली 25 वर्षीय कंवलजीत पति गोविंद सिंह की 19 अप्रैल 24 को शादी हुई थी। बीती रात उसने अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में फांसी लगा ली। पति गोविंद सिंह गुरुद्वारे के पास ठेके पर होटल संचालित करता है। वह रात 2.30 बजे कमरे पर पहुंचा। अंदर से दरवाजा बंद था। बजाने पर अंदर से दरवाजा नहीं खुला तो धक्का देकर तोड़ा। कमरे में कंवलजीत फांसी पर लटकी थी। उसने दुपट्टे से फांसी लगाई थी। कंवलजीत के ससुर ग्रंथी चरणसिंह गिल ने बताया कि इसकी सूचना देवासगेट पुलिस को दी और शव उतारकर चरक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने कंवलजीत को मृत घोषित किया। इसकी सूचना कंवल के माता पिता को फोन पर दी गई।

भाई और चाचा बोले…प्रताडि़त करते थे ससुराल वाले

कंवलजीत का मायका निरंजनपुर इंदौर में है। उसके भाई गगनदीप और चाचा प्रदीप सिंह ने आरोप लगाया कि कंवलजीत को शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले प्रताडि़त करते थे। उसके पति का दूसरी लडक़ी से चक्कर है। कंवलजीत ने रात 10 बजे आखिरी बार माता पिता से मोबाइल पर बात की थी। गगनदीप ने कहा कि उसकी बातचीत से आत्महत्या कर लेने जैसी कोई बात सामने नहीं आई थी। ससुराल वाले ने संभवत: उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया है। कंवलजीत के ससुर चरणसिंह गिल भाजपा नेता हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर काम कर चुके हैं। देवासगेट थाना पुलिस ने शव का पीएम कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।

भतीजा घर पहुंचा तो फूफा फंदे पर मिला

90 क्वाटर इंदिरा नगर में रहने वाले 50 वर्षीय कमल सेन पिता बद्रीलाल सेन ने अज्ञात कारणों के चलते साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके परिवारजन शादी समारोह में शामिल होने तराना गए थे। सोमवारशाम भतीजा सुमित भाटी कपड़े लेने फूफा कमल सेन के घर गया। दरवाजा खुला था। उसने कमरे में प्रवेश तो देखा फूफा फांसी के फंदे पर लटका था। परिजन व पुलिस को सूचना देने के बाद कमल के शव को चरक अस्पताल लाया गया। परिजन ने बताया कि कमलसेन के पास आयशर ट्रक था जिसे वह स्वयं चलाता था। वह शराब पीने का आदी था। उसने किन कारणों के चलते आत्महत्या की इसकी जानकारी नहीं है।

पेंटर ने साड़ी से लगाई फांसी

इधर बागपुरा में रहने वाली 30 वर्षीय पंकज पिता प्रकाश जाटवा ने अज्ञात कारणों के चलते साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बड़े भाई धर्मेन्द्र ने उसे फंदे पर लटके देखा। परिजन ने बताया कि पंकज पेंटर था। उसका तलाक हो चुका था। उसने किन कारणों के चलते फांसी लगाई इसकी जांच पुलिस कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *