GT vs SRH Scorecard: गुजरात टाइटंस का तूफान, सनराइजर्स हैदराबाद को मिली सीजन की सबसे बड़ी हार
GT vs SRH Match Scorecard: गुजरात टाइटंस ने मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर धमाकेदार जीत दर्ज की। जीटी आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

GT vs SRH Match Scorecard: गुजरात टाइटंस (GT) ने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को करारी शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट में अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में GT ने SRH को 82 रनों से हराकर सीजन की सबसे बड़ी हार थमा दी।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम पूरी तरह बिखर गई और सिर्फ 14.5 ओवर में 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह SRH का आईपीएल इतिहास का सबसे कम स्कोर भी बन गया। गुजरात की घातक गेंदबाजी के सामने हैदराबाद के बल्लेबाज टिक नहीं सके।
GT की ओर से Kagiso Rabada और Jason Holder ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं Prasidh Krishna ने दो और Mohammed Siraj ने एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में लंबी छलांग लगाते हुए टॉप पोजिशन पर कब्जा कर लिया। Shubman Gill की कप्तानी वाली टीम ने अब तक 12 में से 8 मुकाबले जीते हैं। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद को 12 मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम शुरुआती ओवरों में ही पूरी तरह दबाव में आ गई। SRH ने महज 56 रन के स्कोर तक अपने छह विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में ट्रैविस हेड को बिना खाता खोले आउट कर बड़ा झटका दिया, जबकि कगिसो रबाडा ने दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा को चलता किया। रबाडा यहीं नहीं रुके और उन्होंने ईशान किशन व स्मरण रविचंद्रन के विकेट लेकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पावरप्ले खत्म होने तक टीम का स्कोर 34/4 हो चुका था। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने सलिल अरोड़ा को पवेलियन भेजा, जबकि जेसन होल्डर ने लगातार विकेट लेकर SRH की बची हुई उम्मीदें भी खत्म कर दीं। हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवांग कुमार भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। आखिर में प्रफुल्ल हिंगे के आउट होते ही हैदराबाद की पूरी टीम 86 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। हालांकि GT की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 5 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम ने पावरप्ले तक 34 रन पर दो विकेट गंवा दिए। मुश्किल समय में साई सुदर्शन ने पारी को संभाला और निशांत सिंधू के साथ अहम साझेदारी की। सिंधू ने तेज 11 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने 44 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। बाद में वॉशिंगटन सुंदर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 50 रन बनाए और सुदर्शन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में जेसन होल्डर और राहुल तेवतिया ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
SRH Score: 86/10 (14.5 ओवर)
GT Score: 168/5 (20 ओवर)
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग XI: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे









