मक्सी रोड वर्कशॉप डिपो में बनेगा हॉकर्स ज़ोन, महापौर ने मांगी ३ दिन में प्लानिंग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मक्सी रोड ओवरब्रिज के पास स्थित नगर निगम के पुराने वर्कशॉप डिपो परिसर को अब एक आधुनिक हॉकर्स ज़ोन के रूप में बदला जाएगा। सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल ने अपर आयुक्त संतोष टैगोर सहित तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ इसका निरीक्षण किया। अधिकारियों से महापौर ने तीन दिनों के भीतर परियोजना की विस्तृत ड्राइंग, डिजाइन और एस्टीमेट तैयार करने का कहा है। महापौर ने बताया कि वर्तमान में अनुपयोगी पड़े इस पुराने वर्कशॉप डिपो का जनहित में यह अच्छा उपयोग है।

शेड के साथ पर्याप्त स्पेस भी रहेगी
यहां पर हाकर्स जोन में दुकानों के लिए व्यवस्थित अलॉटमेंट स्पेस, ग्राहकों के आने-जाने के लिए चौड़े मार्ग, शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग भी रहेगी। इसके साथ ही व्यापारियों और ग्राहकों को मौसमी दिक्कतों से बचाने के लिए पूरे क्षेत्र में टीन शेड भी लगाए जाएंगे।
प्रमुख ब्रिजों के नीचे भी बनाएंगे हॉकर्स जोन
महापौर के मुताबिक इसके अलावा नगर निगम आने वाले समय में शहर के विभिन्न प्रमुख ब्रिजों के नीचे खाली पड़ी जगहों को भी चरणबद्ध तरीके से हॉकर्स ज़ोन के रूप में विकसित करेगा। इससे न सिर्फ इन फ्लाइओवरों के नीचे होने वाले अवैध अतिक्रमणों पर लगाम लगेगी, बल्कि सड़कों पर लगने वाले अस्थाई ठेलों के हटने से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी और सुंदरता में भी निखार आएगा।
नगरकोट ग्राउंड के लिए 70 लाख का टेंडर भी जारी
फाजलपुरा क्षेत्र में लगने वाले बुधवारिया हॉट के लिए भी हॉकर्स ज़ोन के तहत ओटलों और टीन शेड निर्माण के लिए करीब 70 लाख रुपये की लागत का टेंडर जारी किया जा चुका है। नगर कोट ग्राउंड पर यह हाट लगता है और प्रतिदिन सब्जी व अन्य विक्रेता यहां व्यापार करते हैं।









