रतलाम में ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचला, मां-बेटे की मौत

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय महिला और उसके एक महीने के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार दो साल की बच्ची उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। हादसा जावरा-रतलाम मार्ग पर नामली के पास कृषि उपज मंडी के गेट के सामने हुआ।
बेटे को टीका लगवाने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, मंदसौर जिले के लामगरी गांव निवासी अनिल रविवार को पत्नी सुगन और बच्चों से मिलने अपने ससुराल बड़ौदा गांव आया था। सुगन ने करीब एक महीने पहले बेटे को जन्म दिया था। सोमवार को नवजात को एक महीने का टीका लगवाने के लिए परिवार नामली स्वास्थ्य केंद्र जाने वाला था।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे अनिल अपनी पत्नी सुगन, एक महीने के बेटे हर्षित और दो साल की बेटी अर्चना को बाइक पर बैठाकर स्वास्थ्य केंद्र के लिए निकला। करीब 15 मिनट बाद ही परिवार हादसे का शिकार हो गया।
स्पीड ब्रेकर पर धीमी की बाइक, पीछे से टकराया ट्रक
बताया जा रहा है कि जावरा-रतलाम मार्ग पर नामली से पहले कृषि उपज मंडी के गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बना है। यहां पहुंचने पर अनिल ने बाइक की रफ्तार धीमी की। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही अनिल और उसकी दो साल की बेटी अर्चना सड़क किनारे जा गिरे। वहीं, सुगन और उसका एक महीने का बेटा हर्षित ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता गंभीर घायल, बच्ची की बची जान
हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, दो साल की बच्ची अर्चना सड़क किनारे गिरने के कारण ट्रक की चपेट में आने से बच गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। एक महीने के बेटे को टीका लगवाने के लिए निकले परिवार के साथ हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया।









