भारत में डेंगू की पहली वैक्सीन को मिली मंजूरी

नईदिल्ली, एजेंसी। भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने डेंगू से बचाव के लिए देश के पहले टीके ‘क्यूडेंगा’ को बाजार में उतारने की मंजूरी दे दी है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, टीके को जापान की प्रमुख जैव औषधि कंपनी टाकेडा की इकाई टाकेडा बायोफार्मास्युटिकल्स ने तैयार किया है। डीसीजीआई ने चार से 60 वर्ष की आयु के लोगों के लिए वैक्सीन को हरी झंडी दी है। कंपनी के अनुसार, यह टीका 0.5 मिलीलीटर की मात्रा में त्वचा के नीचे (सबक्यूटेनस) लगाया जाता है। तीन माह के अंतर पर इसकी दो खुराकें दी जाती हैं। कंपनी के अधिकारी डॉ. महेंद्र नायक ने बताया, डेंगू का संक्रमण पहले हुआ हो या नहीं, दोनों ही स्थितियों में यह टीका प्रभावी है।
पिछले वर्ष एक लाख से अधिक मामले
भारत में 2025 में डेंगू के 1.13 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। ऐसे में देश में चिकित्सकीय परीक्षण के तीन चरणों में सफल रहा टीका डेंगू की रोकथाम में कारगर हो सकता है। टीके को 43 देशों में मंजूरी मिल चुकी है।








