40 हजार करोड़ रुपए निवेश और 35 हजार रोजगार सृजित होंगे, एमपी बनेगा टेक हब

भोपाल में ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ, बोले
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। भोपाल में सोमवार को ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मध्यप्रदेश को देश का प्रमुख तकनीकी और औद्योगिक हब बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक और नीति विशेषज्ञ शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में भारत ने दुनिया में सबसे तेज गति से विकास करने वाले देशों में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान पहले केवल कृषि क्षेत्र तक सीमित थी, लेकिन अब प्रदेश में ड्रोन से लेकर मिसाइल तक का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉन्क्लेव में 51 प्रकार की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से प्रदेश में करीब 40 हजार करोड़ रुपए के निवेश और लगभग 35 हजार रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह आयोजन मध्यप्रदेश को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव का यह तीसरा संस्करण है। पिछले वर्ष वे बार्सिलोना गए थे, जिसके बाद स्पेन, अमेरिका और कनाडा की कंपनियों ने मध्यप्रदेश में 228 करोड़ रुपए का निवेश किया है।
इंदौर के सुपर कॉरिडोर में बनेगा नया आईटी पार्क
इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर 3,000 वर्गफुट क्षेत्र में आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। यहां विश्वस्तरीय कंपनियों को प्लग एंड प्ले सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए तुरंत अपना संचालन शुरू कर सकें।
भोपाल आईटी पार्क का होगा विस्तार
भोपाल आईटी पार्क में करीब 4 लाख वर्गफुट क्षेत्र में एक अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। यहां भी विश्वस्तरीय डिजिटल सेवा कंपनियों को प्लग एंड प्ले सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कोलार रोड पर भी बनेगा नया आईटी पार्क
भोपाल के कोलार रोड क्षेत्र में 5 एकड़ भूमि पर एक नया आईटी पार्क विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक बहुमंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसमें आईटी और डिजिटल सेक्टर की कंपनियों को संचालन के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
कॉन्क्लेव का उद्देश्य मप्र को हाई-टेक उद्योगों का केंद्र बनाना है। कार्यक्रम के जरिए सेमीकंडक्टर (चिप निर्माण), डेटा सेंटर और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। इन बड़े उद्योगों के प्रदेश में आने से आईटी, इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतरीन नौकरियां मिलेंगी।
तकनीकी विजन और निवेश पर रहा फोकस
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव में राज्य सरकार के तकनीकी विजन को दुनिया के सामने रखा गया। कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारियों और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ, जो राज्य के डिजिटल ढांचे को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी तकनीकी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
देश-विदेश की दिग्गज कंपनियों का जमावड़ा
कॉन्क्लेव में सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स, केन्स टेक्नोलॉजीस, फुजियामा पॉवर और न्योबोल्ट लिमिटेड जैसी देश-विदेश की नामी और प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हुईं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विचार रखे। इस दौरान आईआईएम इंदौर और आईआईएसईआर जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान के अधिकारी भी शामिल थे।









