IPL इतिहास के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने Virat Kohli

विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लंबे समय से जुड़े कोहली ने अब तक करीब 230 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह जानकारी फनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आईपीएल की सभी 10 फ्रेंचाइजी का कुल मूल्यांकन लगभग 1.63 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा वैल्यू वाली टीम कोलकाता नाइट राइडर्स बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 19,200 करोड़ रुपये है। इसके बाद मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का स्थान है, जिनका मूल्यांकन करीब 18,400 करोड़ रुपये आंका गया है।
कमाई के मामले में विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आईपीएल से लगभग 227 करोड़ रुपये कमाए हैं। वहीं महेंद्र सिंह धोनी करीब 200 करोड़ रुपये की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
महिला क्रिकेट की बात करें तो महिला प्रीमियर लीग में स्मृति मंधाना सबसे ज्यादा कमाई करने वाली खिलाड़ी बनी हुई हैं। उन्होंने अब तक करीब 13.7 करोड़ रुपये अर्जित किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार महिला वर्ग की टॉप 10 खिलाड़ियों की कुल कमाई अभी 90 करोड़ रुपये तक पहुंची है।
हॉकी इंडिया लीग में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले खिलाड़ी बताए गए हैं। उन्हें 78 लाख रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। उनके बाद अभिषेक नैन और हार्दिक सिंह का नाम शामिल है।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आने वाले वर्षों में आईपीएल टीमों की वैल्यू में और तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है और 2032 तक औसत फ्रेंचाइजी मूल्य कई गुना बढ़ने का अनुमान है।









