Popup Image
Advertisement

कटरीना कैफ ने ट्रोलर्स को दिया जवाब, बोलीं- दूसरों की सुनेंगे तो आगे नहीं बढ़ पाएंगे

बॉलीवुड एक्ट्रेस कटरीना कैफ ने डिलीवरी के बाद अपने लुक और बढ़े हुए वजन को लेकर हुई ट्रोलिंग पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों की राय को खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए। अगर इंसान हर किसी की बात सुनकर फैसले लेने लगेगा, तो उसके लिए जिंदगी में आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा। कटरीना ने यह बात ब्रिटेन में अपने कॉस्मेटिक ब्रांड की सालगिरह के कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने बताया कि जिंदगी के हर पड़ाव पर खुद को स्वीकार करना जरूरी है। कई बार लोग आपकी तारीफ करेंगे, तो कई बार आलोचना भी करेंगे। ऐसे में जरूरी है कि इंसान खुद पर भरोसा बनाए रखे।

Advertisement

सोशल मीडिया की बातों से आत्मविश्वास कमजोर न होने दें

कटरीना के मुताबिक, सोशल मीडिया पर हर व्यक्ति की अपनी राय होती है, लेकिन हर टिप्पणी को गंभीरता से लेना जरूरी नहीं है। अगर हम दूसरों की बातों के हिसाब से खुद को बदलने लगेंगे, तो अपने फैसले खुद लेने की क्षमता खो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ दिन ऐसे होते हैं, जब हम खुद को लेकर अच्छा महसूस करते हैं। वहीं, कुछ दिन ऐसे भी आते हैं, जब खुद को संभालना और आत्मविश्वास बनाए रखना मुश्किल होता है। ऐसे समय में खुद का साथ देना सबसे ज्यादा जरूरी है। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि खुद में सुधार करना और बदलाव को स्वीकार करना जिंदगी का हिस्सा है। इसलिए अपने ऊपर बेवजह दबाव बनाने के बजाय हर दौर को सहजता से अपनाना चाहिए।

Advertisement

कटरीना के समर्थन में बोले सलमान खान

कटरीना के पोस्टपार्टम लुक को लेकर सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों के बाद सलमान खान ने भी बॉडी-शेमिंग और उम्र को लेकर ट्रोल करने वालों पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि कटरीना को भी ट्रोल किया गया और उन्हें खुद भी उम्र को लेकर ऐसी टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है।

Advertisement

नवंबर 2025 में बेटे को दिया था जन्म

कटरीना कैफ और विक्की कौशल ने 7 नवंबर 2025 को अपने बेटे के जन्म की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी। कपल ने बेटे की तस्वीर अब तक सार्वजनिक नहीं की है। दोनों ने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित सिक्स सेंस रिसॉर्ट में शादी की थी। शादी के करीब चार साल बाद उनके घर में बच्चे की किलकारी गूंजी।

आखिरी बार ‘मैरी क्रिसमस’ में नजर आई थीं

कटरीना कैफ को आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘मैरी क्रिसमस’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ विजय सेतुपति नजर आए थे। इसके बाद से वह फिल्मों से दूर हैं। कटरीना का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब सोशल मीडिया पर लोगों के लुक और निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणियां करने का चलन लगातार चर्चा में रहता है। उनका संदेश साफ है कि दूसरों की राय से ज्यादा जरूरी है खुद को स्वीकार करना और अपने आत्मविश्वास को बनाए रखना।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें