26 हजार की उधारी न चुकाने पर अपहरण, गदा पुलिया पर छोड़ा

उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र में एक युवक का चार लोगों ने उधारी न चुकाने की बात पर अपहरण किया। कार में बैठा कर ले गए। पुलिस सक्रिय हुई तो गदा पुलिया के पास छोड़ गए। पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार प्रफुल्ल पंड्या का भैरवगढ़ क्षेत्र में ढाबा है। उसने थाने पहुंच कर बताया कि ढाबे पर काम करने वाले राहुल बामनिया का चार लोगों ने अपहरण कर लिया। उसका फोन आया था। अपहरण करने वाले गौंसा रोड से आगे की ओर बढ़े हैं। पुलिस ने सक्रियता दिखाई और मोबाइल की लोकेशन पता की।
कार लाल पुल की तरफ थी। इसी बीच राहुल का फोन आया कि अपहरण करने वाले गदा पुलिया छोड़ गए हैं। उसे थाने बुलाया गया। पुलिस ने अपहरण का कारण पूछा तब बताया कि उसने रितिक माली से २६ हजार रुपए उधार लिए थे। देने में देरी हो गई, इसलिए उसने अपने साथियों के साथ उसे कार में जबरदस्ती बैठा लिया और रुपयों की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।









