नीट पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष चर्चा के लिए अड़ा

मानसून सत्र का पहला दिन : हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर तक स्थगित
पीएम मोदी बोले- संसद में तर्क के साथ चर्चा हो
नईदिल्ली, एजेंसी। मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने हंगामा कर दिया। सदन की कार्यवाही 12 मिनट ही चल सकी। जिसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही दोपहर तक स्थगित कर दी है। विपक्ष नीट-यूजी पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा के लिए अड़ा हुआ है। कई सांसद पोस्टर, बैनर लेकर आए। इससे पहले मोदी ने संसद के हंस द्वार पर मीडिया सेे कहा- मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों प्रो-एक्टिव हों तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं। संसद में तर्क के साथ चर्चा हो। 18वीं लोकसभा का नौवां संसदीय सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा। 25 दिनों के इस सत्र में लोकसभा और राज्यसभा की कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं।
मप्र में यूसीसी बिल को कैबिनेट की मंजूरी, विधानसभा सत्र में पेश करेंगे
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड, यूसीसी) लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रविवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यूसीसी विधेयक-2026 के ड्राफ्ट को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इधर, आज से ही मप्र विधानसभा का सत्र भी शुरू हो गया है। इसमें यूसीसी सहित 9 बिल विधानसभा में पेश किए जाएंगे। सरकार की कोशिश है कि सारे बिल सर्वानुमति से मंजूर हो जाए। हालांकि विपक्ष कुछ मुद्दों को लेकर अड़ा हुआ है।









