उज्जैन। महाकाल मंदिर में दर्शन के नाम पर वसूली करने की घटनाओं पर विराम नहीं लग पा रहा है। इस बार ठग मंदिर समिति के नहीं बाहरी हैं। जानकारी के अनुसार भस्मार्ती के नाम पर बेंगलुरु के दो श्रद्धालुओं से हुई ठगी का मामला सामने आया है। दोनों श्रद्धालुओं से दो युवकों ने ऑनलाइन सात हजार रुपए लिए थे। अधिक राशि लिए जाने के मामले में मंदिर समिति को शिकायत की गई थी। इसके बाद समिति ने महाकाल पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मोबाइल नंबर के आधार पर अब तलाश की जा रही है।
महाकाल पुलिस ने बताया कि गोपाल प्यारेलाल सिंह चौहान निवासी बेंगलुरु महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। यहां भस्मार्ती के बारे में पूछताछ कर रहे थे तब मयूर वैष्णव नामक युवक ने उन्हें भस्मार्ती की अनुमति दिलवाने का भरोसा दिलाया। इतना ही नहीं उसने ऑनलाइन छह हजार रुपए भी ले लिए थे। बाद में चौहान को पता चला कि मंदिर समिति की ओर से मात्र 200 रुपए ही शुल्क लिया जाता है।
उन्होंने मंदिर समिति को लिखित शिकायत की। इसके बाद मंदिर समिति ने महाकाल पुलिस को मामला सौंपा। पुलिस ने मयूर वैष्णव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुइ्र्र है। पुलिस का कहना है कि जिस मोबाइल नंबर से वसूली हुइ्र्र है उस नंबर से आरोपी को तलाशा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इसी प्रकार बेंगलुरु से ही आए टीएनबी प्रसाद के साथ भी एक हजार रुपए की ठगी की गई। प्रसाद ने मंदिर समिति को दी गई शिकायत में बताया कि गौरव नामक व्यक्ति ने भस्मार्र्ती के लिए अनुमति दिलाने के नाम पर एक हजार रुपए आनलाइन ट्रांसफर करवाए थे। मंदिर समिति ने यह मामला भी महाकाल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने गौरव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।