बडऩगर एसडीएम को फोन पर धमकी

प्रकरण दर्ज, पीडब्ल्यूडी एसडीओ से जुड़ा है मामला

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। बडऩगर एसडीएम को मोबाइल पर धमकी देने का मामला सामने आया है जिसके बाद एसडीएम ने बडऩगर थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दरअसल, एसडीएम धीरेंद्र पाराशर ने लिखित आवेदन में बताया है कि उनके मोबाइल पर २७ अगस्त की शाम एक अंजान नंबर से कॉल आया था।
फोन करने वाले ने खुद को पीडब्ल्यूडी की एसडीओ साक्षी तंतवाय का मामा बताते हुए देख लेने की धमकी दी है। आवेदन पर जांच के बाद मामले में कॉल कर धमकी देने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। दरअसल, मामला पीडब्ल्यूडी की एसडीओ साक्षी तंतवाय से जुड़ा होना सामने आया है।
श्रावण की सवारी के दौरान एसडीएम पाराशर ने एसडीओ साक्षी तंतवाय को बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का आग्रह किया था लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। इसकी शिकायत एसडीएम पाराशर ने कलेक्टर को की थी और कार्य में लापरवाही बरतने पर एसडीओ के खिलाफ एक प्रतिवेदन बनाकर प्रस्तुत किया था। इसी के बाद धमकीभरा कॉल आया।









