आउटसोर्स कर्मियों को भी मिलेगा कैशलेस इलाज

नगर निगम के विशेष सम्मेलन में 74 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्थायी कर्मचारियों की तरह ही नगर निगम में सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों को भी अब मुफ्त इलाज का लाभ मिलेगा। सोमवार को नगर निगम के विशेष सम्मेलन में इस प्रस्ताव को सर्वानुमति से पारित किया गया है।
छत्रपति शिवाजी भवन स्थित निगम सभागृह में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने की। बैठक में कुल 7 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किए गए। सम्मेलन में शहर के लिए 74 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख सडक़ों का चौड़ीकरण, रीगल टॉकीज की भूमि पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण और अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।
कर्मचारियों की मृत्यु सहायता राशि दोगुना से अधिक बढ़ाई: निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने बताया कि शासन के आदेश के बाद निगम कर्मचारियों की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख २५ हजार कर दी गई है। इसके अलावा कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रसव, दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में निजी और सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार मिलेगा। खास बात यह है कि इन सुविधाओं का लाभ आउटसोर्स कर्मचारियों को भी मिलेगा।
एक नया विवाद भी खड़ा हुआ
सम्मेलन के बाद भाजपा पार्षद नीलम कालरा ने कांग्रेस पार्षदों पर ‘वंदे मातरम’ और ‘जन गण मन’ का अपमान करने का आरोप लगाया। विवाद तब शुरू हुआ जब विशेष सम्मेलन खत्म होने पर राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का गायन हुआ। नीलम कालरा ने मीडिया को बुलाकर आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ पार्षदों ने गायन में हिस्सा नहीं लिया और ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री महाकाल’ भी नहीं बोला। हालांकि, कुछ ही देर बाद एक नाटकीय मोड़ आया। नीलम निगम अध्यक्ष की आसंदी के पास जाकर रोने लगीं और कहा मीडिया ने उनसे बयान लिया है जिसे रुकवाया जाए। तब तक खबर फैल चुकी थी। इस पर नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा हो सकता है कुछ पार्षदों ने चूक की हो लेकिन इस तरह का आरोप लगाना अनुचित है।
मार्ग चौड़ीकरण की मिली मंजूरी
गदापुलिया से रविशंकर नगर जयसिंहपुरा होते हुए लालपुल ब्रिज रोड तक चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। गदापुलिया से लालपुल ब्रिज तक 22.26 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ीकरण किया जाएगा। पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि यह रास्ता महाकाल लोक जाने का एक अहम मार्ग होगा और इसे बनने में लगभग डेढ़ साल लगेंगे। इसका काम सिंहस्थ मद से होगा। वहीं गाड़ी अड्डा चौराहे से वीडी क्लॉथ मार्केट, बुधवारिया, केडी गेट मार्ग, जूना सोमवारिया होते हुए बड़ी पुलिया तक के चौड़ीकरण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। सिंहस्थ मद से यहां निर्माण व विकास कार्य होंगे।
शौचालय का कायाकल्प- दूधतलाई सुदामा मार्केट के पीछे स्थित पुराने सुलभ शौचालय को तोडक़र नया और बेहतर बनाने का प्रस्ताव पास हुआ।
गोपाल मंदिर का कॉम्प्लेक्स- गोपाल मंदिर पर रीगल टॉकिज की जमीन पर एक बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। इसमें 96 वाहनों की पार्किंग और 35 दुकानें होंगी। इस चौराहे पर श्रीकृष्ण, बांसुरी और मोरपंख की आकृति से सजावट होगी।