मोहर्रम जुलूस में शामिल लोग प्रतिबंधित मार्ग की ओर बढ़े, बैरिकेड्स गिराकर चढ़े तो पुलिस ने भांजी लाठियां

अनुशासन तोडऩे वालों को पुलिस ने सिखाया सबक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार रात निकले मोहर्रम के जुलूस में भीड़ ने बैरिकेड्स गिरा दिए और प्रतिबंधित मार्ग की ओर बढऩे की कोशिश की जिसके बाद उन्हें तितर-बितर करने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
दरअसल, जुलूस में शामिल कुछ लोग घोड़ा लेकर बैरिकेड्स लगाकर प्रतिबंधित किए गए अब्दालपुरा मार्ग की ओर जा रहे थे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन फिर भी वे नहीं रुके और बैरिकेड्स गिराकर उस पर चढ़ गए। इससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद व्यवस्था ना बिगड़े इसलिए भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। जिसके बाद लोग घोड़ा ताजिया छोडक़र भाग गए।
मामले में पुलिस ने आयोजक इरफान खान उर्फ लल्ला निवासी बेगमबाग सहित 16 लोगों के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में गलत दिशा में जाना, लोकसेवक के आदेश का पालन नहीं करने, लोक सेवक का काम रोकना सहित चार धाराएं 191,192, 132 और 128 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों को भी चिह्नित कर आरोपी बनाया जाएगा।
सीएसपी ने पहले ही चेताया था
मोहर्रम को लेकर पूर्व में हुई बैठक में एसपी प्रदीप शर्मा और जीवाजीगंज सीएसपी सुमित अग्रवाल ने चेताया था कि जुलूस के लिए जो मार्ग निर्धारित किया गया है, उसी से होकर गुजरे और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बावजूद इसके जुलूस में शामिल लोगों ने बैरिकेड्स गिरा दिए और उस पर चढक़र प्रतिबंधित मार्ग की ओर बढऩे लगे जिसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ दिया।
इनका कहना
व्यवस्था बिगाडऩे वालों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया था। अब तक १६ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है जिसमें एक नामजद है। वीडियो के आधार पर अभी और लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। – विवेक कनोडिया, टीआई, थाना जीवाजीगंज
View this post on Instagram









