फ्रीगंज में नए फोरलेन ब्रिज की तैयारी, पाइप लाइन होगी शिफ्ट

ठेकेदार कंपनी फाइनल कर रही जीएडी, तकनीकी सुधार जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। फ्रीगंज में नए फोरलेन ओवरब्रिज के लिए पीडब्ल्यूडी ने तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए अंडरग्राउंड पेयजल लाइन डालने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। साइट पर पाइप मंगा लिए गए हैं। प्लांट भी लगा दिया गया है, केवल तकनीकी डिजाइन फाइनल होना बाकी है।
फ्रीगंज में मौजूदा ओवरब्रिज के समानांतर नया फोरलेन ब्रिज सिंहस्थ 2028 से पहले बनाने की योजना है। मेहसाणा (गुजरात) की कम्पनी चेतन कंस्ट्रक्शन इसे बनाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार कंपनी जीएडी को फाइनल रूप दे रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इसमें कुछ सुधार किए गए हैं। इसके बाद विभाग की अनुमति मिल सकेगी।
हालांकि साइट पर मशीन लगा दी गई है। ओवरब्रिज के लिए जमीन के अंदर पेयजल लाइन डाली जाएगी। अभी यह लाइन ब्रिज के ऊपर है। इसके लिए पीएचई ने ठेका दे दिया है और जमीन के अंदर नई लाइन डालने का काम किया जा रहा है। इसके लिए सर्वे आदि का काम हो चुका है। साइट पर पाइप मंगा लिए गए हैं। जल्द ही लाइन शिफ्ट करने का काम शुरू किया जाएगा।
तीन अन्य ब्रिज के काम जल्द शुरू होंगे
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री पीएस पंत के अनुसार सिंहस्थ योजना के तहत बनाए जा रहे तीन अन्य ब्रिज के काम जल्द ही शुरू किए जाएंगे। इनमें मक्सी रोड ब्रिज भी शामिल है।









