राहुल गांधी के धरने के बाद पैलेट गन मामले में FIR

जंतर-मंतर प्रदर्शन में युवक के घायल होने का आरोप
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीब साढ़े सात घंटे तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पैलेट गन से जुड़े मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान 19 वर्षीय साहिल लोचब के घायल होने से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान साहिल लोचब के पैलेट गन से घायल होने का आरोप लगाया गया था। घटना को लेकर कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसी मुद्दे पर राहुल गांधी ने शुक्रवार को धरना दिया और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।
राहुल गांधी के धरने के बाद पुलिस ने संसद मार्ग थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद लोगों, उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया और किन परिस्थितियों में साहिल लोचब घायल हुए। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









