Advertisement

हथियार दिखाकर लूट का खुलासा… पुलिस गिरफ्त में आए चारों बदमाश

25 हजार से ज्यादा कैश, एयरगन, टेबलेट और दो बाइक सहित 3.14 लाख का मश्रुका जब्त

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खाचरौद में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का पांच दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने धार जिले के तीन बदमाशों और एजेंट की रैकी करने वाले युवक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। आरोपियों से लूटी गई नकदी, टेबलेट, एयरगन और दो बाइक सहित कुल 3.14 लाख रुपए से अधिक का माल बरामद किया है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 4 फरवरी को खाचरौद के लसूडिय़ा खेमा और बाछाखेड़ी रोड पर हुई थी। फरियादी राहुल मेवाड़ा सतीन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड कंपनी की खाचरौद ब्रांच में कलेक्शन एजेंट है। वह घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे अपनी बाइक से ग्राम खामरिया से कलेक्शन कर ग्राम नंदियासी की ओर जा रहा था। जब वह लसूडिय़ा खेमा के आगे बाछाखेड़ी रोड पर पहुंचा तभी पीछे से बिना नंबर की बाइक पर आए तीन ने उससे लसूडिय़ा गांव का पता पूछने लगे।

Advertisement

फरियादी राहुल मेवाड़ा ने जवाब नहीं दिया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट की जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद एक बदमाश ने एयरगन दिखाकर राहुल से कलेक्शन के रुपए से भरा बैग छीना और तीनों फरार हो गए। बैग में 52 हजार रुपए कैश और कंपनी का टेबलेट था। घटना की सूचना राहुल मेवाड़ा ने अपने ब्रांच मैनेजर को दी और खाचरौद थाने में प्रकरण दर्ज करवाया।

सीसीटीवी कैमरों में दिखी मूवमेंट

Advertisement

पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जिसमें आरोपियों की मूवमेंट बदनावर होते हुए धार मिली। इसके बाद पुलिस टीम बदनावर पहुंची जहां से तीन संदिग्धों की तस्वीरें मिली जिन्हें स्थानीय लोगों और मुखबिरों को दिखाया तो पता चला कि उक्त बदमाश धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। मुखबिरों ने इनकी पहचान की जिसके बाद ग्राम सामर में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने घटना करना स्वीकार की और घटना से पहले साथी द्वारा रैकी करने की बात कही जिसे भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी आपस में रिश्तेदार और दोस्त हैं।

एक माह से नजर रखी थी
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम मोइन पिता इमरान निवासी अर्जुन कॉलोनी हालमुकाम ग्राम सामर, साहिल पिता शहजाद निवासी ग्राम सामर, अतुल पिता सूर्यमणि यादव निवासी मुंबई हालमुकाम ग्राम सामर और अरमान पिता रोशन खान निवासी ग्राम खामरिया (खाचरौद) हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक माह से कलेक्शन एजेंट पर नजर रख रहे थे। उन्हें यह पता था कि कलेक्शन एजेंट अकेला ज्यादा कैश लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आता-जाता है। इसी के बाद सूनसान रास्ते का चयन कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

किससे-क्या जब्त किया
पुलिस ने आरोपी मोइन से 9400 रुपए और बिना नंबर की बाइक, साहिल से 8400 रुपए नकद और एयरगन, अतुल से 7400 रुपए नकद व टूटा टेबलेट और आरोपी अरमान से 1 हजार रुपए नकद और बाइक जब्त की गई। इस तरह कुल 3.14 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया गया।

 

Related Articles

Write a review